बीजेपी में शामिल हुईं श्रेयसी सिंह, इस सीट से हो सकती हैं उम्मीदवार, एलान कल

शूटर श्रेयसी सिंह ने आज दिल्ली में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की है। उन्हें भूपेंद्र यादव ने बीजेपी की सदस्यता दिलाई। इसके बाद वह बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात करने पहुंची। माना जा रहा है कि वह बाँका या अमरपुर विधानसभा से बीजेपी की प्रत्याशी हो सकती हैं। श्रेयसी पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत दिग्विजय सिंह की पुत्री हैं। इससे पहले उनके राजद में शामिल होने की अटकलें थी हालांकि आज उनके बीजेपी में शामिल होने के बाद इनपर विराम लग गया।

ख़बरों के मुताबिक श्रेयसी बाँका जिले की बाँका विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार हो सकती हैं। इसका ऐलान सोमवार को किया जा सकता है। फिलहाल इस सीट से बीजेपी के रामनारायण मंडल विधायक हैं। वह नीतीश सरकार में मंत्री भी हैं। हालांकि माना जा रहा है कि इस बार चुनाव में बीजेपी की इस परंपरागत सीट से रामनारायण मंडल की जगह श्रेयसी को उम्मीदवार बनाया जाएगा। बाँका से उनके उम्मीदवारी के अटकलों को बल इसलिए भी मिल रहा है क्योंकि अमरपुर सीट जदयू की परंपरागत सीट है और यह जदयू के हिस्से ही रहेगी। फिलहाल अमरपुर से जनार्दन मांझी विधायक हैं। हालांकि उनकी उम्मीदवारी पर भी संदेह कायम है।

आपको बता दें कि श्रेयसी की माँ पुतुल सिंह भी बाँका लोकसभा से सांसद रह चुकी हैं। हालांकि फिलहाल वह छह साल के लिए पार्टी से निष्काषित चल रही हैं। श्रेयसी की पहचान उनकी शूटिंग से है। वह नेशनल शूटर हैं। 2018 के राष्ट्र मंडल खेलों में वह स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। इससे पहले ग्लासगो में हुए 2014 राष्ट्रमंडल खेलों में निशानेबाजी की डबल ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक जीता था। वह अर्जुन पुरस्कार भी प्राप्त कर चुकी हैं।

यह भी पढ़ें- बाँका- पूर्व सांसद पुतुल सिंह थामेंगी राजद का दामन, राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *