रॉयटर्स एजेंसी के अनुसार चीनी कंपनी बाइटडांस और अमरीकी कंपनी ओरेकल के बीच टिकटॉक के मालिकाना हक़ को लेकर डील फाइनल हो गई है. इसका मतलब यह है की बाइटडांस ने टिकटोक में अपनी हिस्सेदारी ओरेकल को बेच दी है. एजेंसी के मुताबिक ओरेकल ने इस बात की आधिकारिक पुष्टि भी कर दी है. आपको बतादें की ओरेकल के चेयरमैन लैरी ऐलीसन अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बेहद करीबी माने जाते है और उनके फिर से राष्ट्रपति बनने की दावेदारी का समर्थन भी करते है.
रविरार को बाइटडांस और माइक्रोसॉफ्ट के बीच टिकटॉक के मालिकाना हक़ को लेकर चल रही बातचीत बीच में ही टूट गई थी जिसके बाद अमरीका में इस शॉर्ट वीडियो मेकिंग प्लेटफॉर्म का भविष्य अंधकार में माना जा रहा था.
टिकटॉक का विवाद अमरीका में सुर्खियों में तब आया जब इस वीडियो ऐप पर जासूसी के आरोप लगे. यही नहीं, अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी इस बात को पुरज़ोर तरीके से उठाया था की इस ऐप के ज़रिये चीन कर्मचारियों की लोकेशन को ट्रैक करने, ब्लैकमेल के लिए लोगों पर डोजियर बनाने और कोरपोरेट जासूसी करने के लिए उपयोग कर सकता है.
इसी के चलते डोनाल्ड ट्रम्प ने बाइटडांस से दो टूक कहा था की या तो वह टिकटॉक में अपनी हिस्सेदारी किसी अमरीकी कंपनी को बेच दे नहीं तो इस ऐप पर अमरीका में प्रतिबन्ध लगा दिया जायेगा. ट्रम्प ने इसकी समय सीमा 15 सितम्बर तय की थी. आपको बतादें की भारत की सरकार जासूसी के आरोपों को चलते पहले ही टिकटॉक सहित 100 से अधिक चीनी ऐप्स पर प्रतिबन्ध लगा चुकी है.
