कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर पर रखे झंडे को लेकर बवाल, जानें

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान-हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के निधन के बाद श्रद्धांजलि समारोह की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर बहस और भाजपा पर निशाने का मुद्दा बन गई है।

उनके पार्थिव शरीर पर रखे भारतीय झंडे के ऊपर भाजपा पार्टी के झंडे पर कई लोग लोग सवाल उठा रहे हैं। भाजपा द्वारा ट्वीट की गई तस्वीर में कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर के ऊपर लिपटा राष्ट्रीय ध्वज आधा भाजपा के पार्टी झंडे से ढका हुआ नजर आया।

इस पर युवा कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लिखा “तिरंगे के उपर भाजपा का झंडा! स्वघोषित देशभक्त तिरंगे का सम्मान कर रहे हैं या अपमान???”

समाजवादी पार्टी(सपा) के प्रवक्ता घनश्याम तिवारी ने ट्वीट किया कि “देश से ऊपर पार्टी। तिरंगे के ऊपर झंडा। हमेशा की तरह बीजेपी: कोई पछतावा नहीं, कोई पश्चाताप नहीं, कोई दुख नहीं”

राष्ट्र ध्वज के ऊपर भाजपा के झंडे को रखे जाने वाले तस्वीर पर कांग्रेस पार्टी की तरफ से भी सवाल खड़े किए गए। कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने तस्वीर को ट्वीट कर लिखा “क्या यह सही है? न्यू इंडिया में भारतीय ध्वज के ऊपर पार्टी का झंडा लगाना?”

तृणमूल कांग्रेस(टीएमसी) के राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रॉय ने कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन वाली तस्वीर पर ट्वीट लिखा, ”राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करना क्याय मातृभूमि का सम्मान करने का नया तरीका है?”

रॉय द्वारा शेयर की गई तस्वीर में भाजपा के कई नेता,राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, यूपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, नजर आ रहे हैं। सुखेंदु शेखर रॉय के इस ट्वीट पर टीएमसी के ही एक नेता रिजू दत्ता ने भी कॉमेंट कर लिखा कि “लगता है बीजेपी हमारे देश के तिरंगे से बड़ी है…शर्मनाक।”

नेताओं के अलावा आम यूजर्स ने भी इसके ऊपर प्रतिरोध जताते हुए कमेंट किए।अश्विनी बगरी नाम के एक यूजर ने लिखा कि “इन पर केस होना चाहिए। तिरंगे के ऊपर भाजपा का झंडा कैसे हो सकता है ? संविधान में कानून सबके लिए एक होते है। फिर भाजपाई के लिए क्यों नही?”

श्रद्धा कुमारी नाम के एक अन्य यूजर ने लिखा, “यहां भी अपने झंडे का प्रचार, कोई मौका नही चूकते अपना प्रचार करने का।”

ज्ञात हो कि राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम की धारा 2 के अनुसार, “कोई भी व्यक्ति जो किसी सार्वजनिक स्थान पर या किसी भी ऐसे सार्वजनिक स्थान से भारतीय राष्ट्रीय झंडे या भारत के संविधान या उसके किसी भाग को जलाता है,विकृत करता है, विरूपित करता है, दूषित करता है, कुरूपित,नष्ट करता है,कुचालता है अन्यथा उसके प्रति अनादर प्रकट करता है या (मौखिक या लिखित शब्दों में या कृत्यों में)अपमान करता है तो उसे तीन साल तक के कारावास या जुर्माने या दोनों से दंडित किया जा सकता है।”

भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का 21 अगस्त को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। पिछले डेढ़ महीने से वह लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई में भर्ती थे, जहां पर शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर उत्तर प्रदेश में तीन दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की गई है।

Read More

  1. बिहार- पहली से आठवीं तक के निजी स्कूलों के लिए जारी हुआ नया फरमान, जानें
  2. मुंबई- बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा के खिलाफ दर्ज की गई 7 एफआईआर
  3. तालिबानी आतंकियों को महर्षि वाल्मीकि से तुलना करना शायर मुनव्वर राणा को पड़ा भारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *