बिहार में बाढ़ से बेहाल हुई रेल- कई ट्रेनें हुईं रद्द, कई डाइवर्ट

बिहार में गंगा के बढ़ते जलस्तर ने ट्रेनों की रफ्तार रोक दी है। राज्य के भागलपुर-जमालपुर रेलखंड की रेल पटरियों पर बाढ़ का पानी आ जाने की वजह से तीसरे दिन भी रेल का परिचालन ठप रहा। वहीं, मालदा और भागलपुर से खुलने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को डाइवर्ट किया गया है।

जमालपुर से साहिबगंज तक भी रेल सेवा ठप है। सोमवार पौने तीन बजे से भागलपुर-कहलगांव के बीच भी अप व डाउन दोनों लाइन पर ट्रेनों के परिचालन रोक, वैकल्पिक मार्ग भागलपुर-बांका-जसीडीह-किऊल के रास्ते चलाया जा रहा है।

सोमवार को विक्रमशिला एक्सप्रेस अप और डाउन मार्ग भी इसी रूट से चलाई गई। इसी तरह गोड्डा-नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस का परिचालन भी बांका जसीडीह होकर कराया गया।

वहीं भागलपुर से दानापुर के लिए रवाना होने वाली भागलपुर-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस जमालपुर से ही रवाना की गई। जनसेवा एक्सप्रेस और साहिबगंज-दानापुर इंटरसिटी रद्द कर दी गई।

भागलपुर साहिबगंज और भागलपुर जमालपुर के बीच सभी पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन बंद है। सोमवार को हावड़ा से आने वाली हावड़ा-जमालपुर सुपर एक्सप्रेस को भागलपुर में ही रोक दिया गया है। रात में यह ट्रेन भागलपुर से ही दुमका के रास्ते चलाये जाने की संभावना है।

कई रेल अधिकारियों का कहना है कि ऐसी नौबत अब तक 70 से 80 वर्षों के दौरान नहीं आई थी। राज्‍य के मुजफ्फरपुर, दरभंगा, खगड़िय़ा, सहरसा, पटना, वैशाली, भोजपुर, लखीसराय, भागलपुर, सारण, बक्सर, बेगूसराय, कटिहार, मुंगेर एवं समस्तीपुर के कुल 82 प्रखंडों के 484 पंचायत आंशिक अथवा पूर्ण रूप से बाढ़ से प्रभावित हैं।

मालदा के मंडल रेल प्रबंधक, यतेन्द्र कुमार ने बताया कि इस रेल खंड के बरियारपुर और कल्याणपुर स्टेशनों के पास शनिवार को बाढ़ का पानी चढ़ गया इसी वजह से एहतियात के तौर पर रेल परिचालन को फिलहाल रोक दिया गया है। डीआरएम नें बताया कि पटरियों पर बाढ़ का पानी चढ़ जाने के कारण कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है। 

Read More

  1. अगले कुछ दिनों में भारत में लॉंच होने वाले हैं यह स्मार्टफोन, देखें
  2. अमेरिकी सेना की मौजूदगी में फिर खुला काबुल एयरपोर्ट, रेस्क्यू ऑपेरशन हुआ शुरू
  3. अफगानिस्तान में बिगड़े हालात तो भारत में ड्राई फ्रूट मार्केट पर बड़ा असर, जानें
  4. मायावती का दावा- बसपा के प्रबुद्ध सम्मेलन ने उड़ाई बीजेपी की नींद
  5. इंदिरा गांधी और प्रधानमंत्री मोदी के सवाल पर अजय देवगन ने कुछ इस प्रकार दिया जवाब
  6. बिहार-कोरोना के बाद अब बाढ़ की वजह से टल सकते हैं पंचायत चुनाव