अमित शाह आज मोदी वैन को दिखाएंगे हरी झंडी, जानें क्या होगा काम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में 20 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ‘मोदी वैन’ को हरी झंडी दिखाएंगे। भाजपा के सेवा ही संगठन कार्यक्रम के तहत यह वैन कौशांबी विकास परिषद के द्वारा ऑपरेट की जाएगी जिसका संचालन भाजपा के राष्ट्रीय सचिव व कौशांबी से लोकसभा सांसद विनोद सोनकर द्वारा किया जाएगा।

कौशांबी की पांच विधानसभाओं में पांच वैन घूमेंगी। सांसद विनोद सोनकर ने इस वैन की खासियत के बारे में बात करते हुए बताया कई सुविधाओं से लैस इस वैन में 32 इंच का टेलीवीजन और हाईस्पीड इंटरनेट सर्विस होगी।

जगह-जगह घूमकर यह वैन प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का, साथ ही उनकी रैलियां व भाषणों का प्रसारण करेगी।

भाजपा नेता ने बताया कि यह वैन ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना के प्रति लोगों को जागरूक और टीकाकरण के लिए भी प्रेरित करेगी।

वैन जहां भी जाएगी वहां गांवों को स्वच्छ रखने, जल संचय करने के लिए लोगों को प्रेरित करेंगी। इतना ही नहीं वैन के जरिए केंद्र की विभिन्न योजनाओं के लिए लोगों का पंजीकरण भी किया जाएगा।

वैन में एक टेलीमेडिसिन है, साथ ही एक मशीन है जो एक बार में 39 रक्त के नमूनों का परीक्षण कर सकती है।

7 अक्तूबर 2001 को नरेंद्र मोदी पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। सितंबर 2013 में उन्हें भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया था। साल 2014 में उनके नेतृत्व में भाजपा ने 282 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज और साल 2019 में अपनी सीटों की संख्या को बढ़ाते हुए 303 सीटों पर जीत दर्ज की। नरेंद्र मोदी लगातार दूसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *