कश्मीर में हुई हत्याओं पर भड़के ओवैसी, कहा-रद्द हो भारत-पाकिस्तान मैच

जम्मू-कश्मीर में लगातार बढ़ते आतंकी हमलों के बीच एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि एक ओर जम्मू-कश्मीर में 9 बहादुर जवान मारे गए, उधर 24 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 मैच कैसे खेला जा सकता है।

इसके अलावा ओवैसी ने कश्मीर में सीजफायर और बढ़ते पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भी मोदी सरकार पर निशाना साधा। एआईएमआईएम प्रमुख ने कहा, “मोदी जी क्या आपने नहीं कहा था कि फौज मर रही है और मनमोहन सिंह की सरकार बिरयानी खिला रही है।

अब फौज के 9 सिपाही मर गए तो आप टी-20 खेलेंगे? पाकिस्तान कश्मीर में भारतीयों की जान लेकर टी-20 खेल रहा है। वहां बिहार के गरीब लोगों का कत्ल हो रहा है, टारगेट किलिंग हो रही है। कश्मीर में इंटेंलिजेंस क्या कर रहा है? खुलेआम हथियार आ रहे हैं और आप मैच खेलेंगे। पाकिस्तान से आतंकवादी आ रहे हैं।”

गौरतलब हो कि जम्मू के राजौरी और पुंछ में आतंकवादियों के खिलाफ 11 अक्टूबर से जारी ऑपरेशन का आज नौवां दिन है, जिसे अंजाम तक पहुंचाने के लिए सुरक्षाबलों की अतिरिक्त टुकड़ियों को पुंछ भेजा गया है। इस ऑपरेशन में अब तक दो जेसीबी समेत भारतीय सेना के नौजवान देश के लिए बलिदान दे चुके हैं।

अन्य नेताओं ने भी इस मैच को रद्द करने की मांग की है। हालांकि, इस बयानबाजी के बीच बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला की तरफ से साफ किया गया कि मैच रद्द नहीं किया जा सकता।

शुक्ला ने कहा, “कश्मीर में जो हत्याएं हो रही हैं, वह दुखद है, हम निंदा करते हैं। जहां तक भारत-पाकिस्तान मैच का सवाल है, तो यह आईसीसी के अंतरराष्ट्रीय समझौते के तहत होता है, उसमें हम किसी भी देश के साथ खेलने से मना नहीं कर सकते हैं। आईसीसी के टूर्नामेंट को खेलना होता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *