शुक्रवार देर रात से लगातार हो रही तेज बारिश ने दिल्ली को दरिया बना दिया है। हर सड़क, हर गली और हर रोड पर जल भराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिल रहा है।
यूँ तो शनिवार का दिन आमतौर पर ट्रैफिक के लिहाज से हल्का होता है लेकिन आज हुई बारिश के बाद सफाई व्यवस्था और सरकारी इंतजामों की पोल खुल गई। कहीं नदी नजर आई, कहीं तालाब नजर आया तो कहीं समुद्र से नजारा दिखा।
सबसे हैरान करने वाला मंजर दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर देखने को मिला। यहां घुटने भर पानी मे लोग खड़े नजर आए। वहीं सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें और वीडियो भी वायरल हैं जिनमे रनवे पर पानी भरा हुआ नजर आ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार आज हुई बारिश ने पिछले 46 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मौसम विभाग के अनुसार अभी बारिश का यह दौर लंबा खींच सकता है।
भारी बारिश और वीकेंड पर जहां कुछ लोग इसे मजेदार बता रहे हैं वहीं ऑफिस जाने वालों के लिए और अन्य जरूरी काम के लिए घर से निकले लोगों के लिए यह बारिश आफत बनकर आई है।
कहीं दुकानदार पानी निकालते दिखे तो कहीं रिक्शा चालक और अन्य लोग अपनी गाड़ियों को पानी से निकालने की जद्दोजहद करते नजर आए। ऐसे में सवाल यह है कि मौसम विभाग की लगातार चेतावनी के बाद भी दिल्ली सरकार और विभाग के लोग जागते क्यों नही हैं? क्यों हर बार की बारिश में दिल्ली दरिया बन जाती है?
