लस्सी पीने अमेठी की एक दुकान पहुंची स्मृति ईरानी- दुकानदार से पूछा राहुल प्रियंका आते थे क्या?

शनिवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंची केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी एक दुकान में लस्सी पीने के लिए पहुंचीं और दुकानदार से एक सवाल पूछा जिसका उत्तर उन्हें मन मुताबिक नहीं मिला और उनकी हंसी उड़ गई।

दरअसल, शहर की मशहूर दुकान,अशरफी लाल लस्सी कॉर्नर में लस्सी पीने के दौरान ईरानी ने दुकानदार से पूछा कि क्या गांधी परिवार से कोई उनकी दुकान पर कभी कोई लस्सी पीने आया? इस पर दुकानदार ने उत्तर देते हुए कहा, “हां, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी दोनों आए हैं।”

इसके बाद केंद्रीय मंत्री चेहरा उतर गया और आस-पास के लोग भी मुस्कुरा दिए। स्मृति ईरानी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही है।

कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने अपने ट्वीट में तंज कसते हुए लिखा “मैडम ईरानी के लिए हास्यास्पद क्षण !! मंत्री ईरानी- क्या कोई गांधी परिवार से यहां लस्सी पीने आया है। दुकानदार- हां राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और भी लोग…स्मृति ईरानी सोचती हैं कि यह देश में पहली बार हो रहा है।”

शनिवार को अपने अमेठी दौरे पर केंद्रीय मंत्री ने ऑक्सीजन प्लांट, कंप्यूटर लैब और नवीन हाईस्कूल का उद्घाटन किया। अमेठी में आयोजित कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करने के दौरान स्मृति ईरानी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और गांधी परिवार पर जमकर हमला बोलते हुए कांग्रेस नेता पर अमेठी के विकास को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।

स्मृति ईरानी ने कहा “आजादी के बाद से जो परिवार अमेठी से चुनकर दिल्ली जाता रहा और यहीं की बदौलत अपनी राजनीति को चमकाता रहा, उसने अमेठी के लोगों के लिए पीने के पानी तक की व्यवस्था नहीं की।

अमेठी को सभी सुविधाओं से वंचित रखा गया। यहां तक कि ऑक्सीजन प्लांट की भी व्यवस्था नहीं की गई। लेकिन आज अमेठी ऑक्सीजन के क्षेत्र में पूरी तरह से आत्मनिर्भर है।”

बता दें कि स्मृति ईरानी ने पिछले लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को अमेठी से हराया था। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह संसदीय क्षेत्र भाजपा के लिए काफी अहम है। इसलिए लोगों के बीच पैठ जमाने के लिए स्मृति ईरानी बीच-बीच में दौरा करती रहती है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *