विराट टी-20 वर्ल्ड कप के बाद छोड़ेंगे कप्तानी, खुद किया ऐलान

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने टी-20 फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया है। इंग्लैंड दौरे के बाद से ही उनके हटाए जाने की चर्चा थी लेकिन शुरुआत में बीसीसीआई इससे इनकार करता रहा। कोहली ने गुरुवार को एक खत ट्वीट कर टी-20 वर्ल्ड कप के बाद इस फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का संदेश दिया।

अब इस फॉर्मेट में रोहित शर्मा को कप्तान बनाए जाने की अटकलें हैं। दरअसल विराट को तीनों फॉर्मेट में भारतीय टीम की कप्तानी करने से उनके खेल पर असर झेलना पड़ा। पिछले कुछ समय से उनकी फॉर्म अच्छी नहीं चल रही थी, जिसकी वजह से उन्होंने इतना बड़ा फैसला लिया।

हालांकि उन्होंने टेस्ट और वनडे टीम की कप्तानी जारी रखने का फैसला किया है। कोहली पिछले दो साल से सभी फॉर्मेट में कोई भी शतक मारने में नाकाम रहे। उनकी खराब फॉर्म के पीछे एक सबसे बड़ी वजह तीनों फॉर्मेट में टीम की कप्तानी बताई गई।

विराट कोहली ने ट्वीट कर लिखा “मैं खुशकिस्मत हूं कि मैंने न सिर्फ भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया बल्कि अपनी पूरी क्षमता से इसकी कप्तानी भी की। मैं हर किसी का शुक्रिया अदा करता हूं जिसने इस कप्तानी के दौर में मेरा समर्थन किया।

साथी खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और सिलेक्शन कमिटी, कोचों और हर किसी ने जिसने भारतीय टीम के लिए प्रार्थना की मैं उनका शुक्रिया करता हूं। बीते 8-9 साल से मैं तीनों प्रारूपों में देश का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं। बीते 5-6 साल से मैं तीनों का कप्तान हूं।

मुझे लगता है कि टेस्ट और वनडे फॉर्मेट में कप्तानी के लिए तैयार होने के लिए मुझे थोड़ा स्पेस छोड़ने की जरूरत है। टी-20 कप्तान के तौर पर मैंने अपना सब कुछ दिया और मैं टी-20 टीम में बल्लेबाज के तौर पर जुड़ा रहूंगा।”

कोहली ने आगे लिखा “बेशक यह फैसला काफी विचार के बाद लिया है। मैंने अपने करीबियों से काफी बात करने के बाद ही यह फैसला लिया है। रवि भाई और रोहित, जो लीडरशिप ग्रुप का काफी अहम हिस्सा हैं, मैंने इस टी-20 वर्ल्ड कप के बाद टी-20 की कप्तानी से हटने का फैसला किया है।

मैंने सचिव जय शाह और अध्यक्ष सौरभ गांगुली से इस बारे में बात की है। इसके साथ ही सिलेक्टर्स से भी चर्चा की है। मैं भारतीय क्रिकेट और भारतीय टीम की अपनी पूरी क्षमता के साथ सेवा करता रहूंगा।”

Read More:

  1. बिहार- एम्बुलेंस में मिली शराब, विपक्ष हमलावर
  2. धोनी, आनंद महिंद्रा समेत इन हस्तियों को पीएम मोदी ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
  3. अमेरिका में लगे बाइडेन विरोधी पोस्टर- बताया तालिबानी,हाथ मे रॉकेट लिए दिखे राष्ट्रपति

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *