गुरुवार के दिन केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के निर्माण का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कुछ जगहों पर संबोधन भी दिया और निजी जिंदगी से जुड़े खुलासे किए।
मौके पर सोहना में अपने संबोधन के दौरान केंद्रीय मंत्री ने अपने लंबे कार्यकाल के अनुभव भी वहां पर मौजूद अभियंताओं और पत्रकारों के साथ साझा किए। एक घटना का जिक्र करते हुए नितिन गडकरी ने बताया “जब मेरी नई-नई शादी हुई थी तो मेरे ससुर का घर सड़क के बीचोंबीच आ रहा था।
जाहिर है यह बड़ी समस्या थी। लोगों को आवागमन सुलभ नहीं हो रहा था। ऐसे में इससे निजात पाना नितांत आवश्यक था।” इस समस्या के बारे में गडकरी ने बताया कि पूरा मामला रामटेक का था और वह सड़क के बीच में घर की मौजूदगी के चलते धर्म संकट में पड़ गए थे।
बावजूद इसके उन्होंने अपना धर्म निभाते हुए पत्नी को बिना बताए ससुर के घर पर बुलडोजर चलवा दिया और सड़क बना दी। इसके बाद आम जनता का आवागमन सुलभ हो गया।
बता दें कि सड़क मार्ग के जरिये सिर्फ 12 घंटे में दिल्ली से मुंबई का सफर जल्द ही साकार होने वाला है। हरियाणा, राजस्थान और गुजरात समेत राज्यों से गुजरने वाले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है जिसका जायजा लेने बृहस्पतिवार को केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल पहुंचे।
मंत्रियों ने यहां पर निर्माण को लेकर ताजा जानकारी भी ली। यह एक्सप्रेस-वे देश का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे होगा जिसपर वाहनों की न्यूनतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। हालांकि सड़क मंत्रालय इसे बढ़ाकर 120 किलोमीटर प्रति घंटा करने पर विचार कर रहा है।
गडकरी ने आगे बताया कि सड़क मंत्रालय राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र-दिल्ली में यातयात जाम और वायु प्रदूषण की समस्या को कम करने के लिए 53,000 करोड़ रुपए की 15 परियोजनाओं पर काम कर रहा है।
इसी दौरान नितिन गडकरी ने एक और खुलासा किया कि वो आजकल यूट्यूब से 4 लाख रुपये प्रति महीना कमा रहे हैैं। दरअसल, मंत्री ने अपने संबोधन के दौरान बताया कि कोरोना काल में उन्होंने यू-ट्यूब से वीडियो देखकर कुकिंग स्टार्ट की और खाना बनाने लगे।
इसके बाद वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अलग-अलग देशों,जैसे जर्मनी-न्यूजीलैंड-अमेरिका, में उन्हें भाषण देने का मौका मिला जिसके वीडियो लोग यू-ट्यूब पर देखते हैं। इससे उन्हें फायदा मिला।
Read More:
