कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत मजबूत स्थिति में पहुंचते हुए नये रिकॉर्ड बना रहा है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर पूरे भारत में वैक्सीनेशन का एक नया रिकार्ड बनते हुए शुक्रवार यानी 17 सितंबर को शाम होते होते देश में वैक्सीनेशन का आंकड़ा दो करोड़ डोज को पार कर गया।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 17 सितंबर को वैक्सीन का 20016832 डोज दिया गया है। भारत ने वैक्सीनेशन में सिंगल डे का रिकॉर्ड बनाते हुए यूरोप के कई देशों को भी पीछे छोड़ दिया है।
भारत अबतक 784 मिलियन डोज वैक्सीन जबकि यूरोप अभी तक 777 मिलियन डोज वैक्सीन ही लगा सका है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के मौके पर मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में भाजपा के द्वारा सेवा से समर्पण कैंपेन के रूप में महावैक्सीनेशन कैम्पेन चलाया गया।
यह 17 से 20 सितंबर तक चलेगा। शुक्रवार को सिर्फ आधे दिन में 1 करोड़ से अधिक डोज लगाए गए जो शाम होते दो करोड़ के आंकड़े के पार चला गया। यह एक दिन में लगने वाली वैक्सीन का रिकार्ड है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट कर कहा, ”
देशवासियों और हेल्थ वर्कर्स की ओर से प्रधानमंत्री को यह एक तोहफा है। आज प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भारत ने एक दिन में 2 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन डोज लगाकर एक ऐतिहासिक आंकड़ा पार किया है। एक नया रिकॉर्ड बनाया है। वेल डन इंडिया!”
एक महीने में एक दिन में 1 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन की डोज लगाने का यह चौथा मौका है। इससे पहले भी भारत ने तीन बार एक करोड़ से अधिक रिकाॅर्ड वैक्सीनेशन किया है। 27 अगस्त को पहली बार 1.03 करोड़ लोगों को 24 घंटे के अंदर टीका लगा था।
उस दिन उत्तर प्रदेश में 29.62 लाख, कर्नाटक में 11.03 लाख, महाराष्ट्र में 9.89 लाख, हरियाणा में 6.11 लाख और पश्चिम बंगाल में 5.53 लाख लोगों ने टीका लगवाया था। दूसरी बार 31 अगस्त को करीब 1.09 करोड़ डोज वैक्सीनेशन कर नया रिकार्ड बनाया गया। इसके बाद तीसरी बार 6 सितंबर को 1.13 करोड़ कोविड-19 वैक्सीन लगाई गई।
भारत में डेली एवरेज वैक्सीनेशन डोज भी विश्व के 18 देशों के कुल वैक्सीनेशन संख्या से अधिक है। ब्रिटेन, कनाडा, इटली, फ्रांस, आस्ट्रेलिया समेत 18 देशों में डेली लग रहे वैक्सीन डोज की संख्या 8.17 मिलियन है जबकि भारत में अकेले 8.54 मिलियन वैक्सीन डेली लग रही है।
