कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार उस वक्त विवादों में घिर गए जब उन्होंने विधानसभा परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का गीत ‘नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे’ गा दिया। इस 73-सेकंड के वीडियो के सामने आते ही बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए तंज कसा कि अब कांग्रेस नेता भी RSS की तारीफ करने लगे हैं।
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “DK शिवकुमार RSS गीत गा रहे हैं, राहुल गांधी और उनका गैंग ICU/कोमा मोड में चला गया है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस में अब कोई राहुल गांधी को गंभीरता से नहीं लेता।
विवाद बढ़ता देख डीके शिवकुमार ने सफाई दी, “मैं जन्म से कांग्रेसी हूं और जीवन भर कांग्रेस में रहूंगा। बतौर नेता, मुझे अपने विरोधियों को समझना भी ज़रूरी है।”
यह वाकया उस समय हुआ जब विधानसभा में 4 जून को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ पर चर्चा चल रही थी। विपक्ष के तंज पर शिवकुमार ने कहा कि वे भी अन्य राज्यों में बीजेपी सरकारों की विफलताओं की सूची दे सकते हैं।
विपक्षी नेता आर. अशोक ने कहा कि शिवकुमार ने कभी RSS की यूनीफॉर्म (खाकी निकर) भी पहनी थी, जिस पर उन्होंने मज़ाकिया अंदाज़ में RSS गीत गा दिया।
