देश में एक बार फिर कोरोना वायरस के मामले बढ़ने लगे हैं। 12 जून तक देश में कोविड-19 के एक्टिव केस 7,000 से ज्यादा हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 306 नए केस सामने आए हैं, जबकि 929 लोग ठीक भी हुए हैं। इसी दौरान 6 लोगों की कोरोना से मौत हुई है—जिनमें केरल से 3, कर्नाटक से 2 और मणिपुर से 1 मौत शामिल है। सबसे ज़्यादा मामले गुजरात, महाराष्ट्र और केरल से आ रहे हैं। महाराष्ट्र में बुधवार को 107 केस मिले, जिससे इस साल कुल मामलों की संख्या 1,700 पार हो गई है। दिल्ली में भी 66 नए केस आए हैं, लेकिन किसी की मौत नहीं हुई है। मणिपुर में इस लहर का पहला केस सामने आया है, जहां 23 साल की एक लड़की संक्रमित पाई गई है।
देश के कई राज्यों में एक्टिव मरीजों के आंकड़े कुछ इस प्रकार है : –
केरल -1,950
गुजरात-1,109
पश्चिम बंगाल-693
दिल्ली-686
महाराष्ट्र-595
कर्नाटक- 300
तमिलनाडु-250
उत्तर प्रदेश – 230
राजस्थान- 200
अन्य राज्य – 1,000
कुल – 7,100+
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कोविड जांच के नाम पर ज्यादा पैसे वसूलने वाले प्राइवेट अस्पतालों पर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री रुशिकेश पटेल ने बताया कि अभी जो वैरिएंट फैला है, वो पुराने की तुलना में कम खतरनाक है। लेकिन फिर भी लोगों को पूरी तरह से सतर्क रहना चाहिए। यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, सरकार पूरी तरह तैयार है। ऑक्सीजन प्लांट से लेकर अस्पतालों तक सभी जरूरी इंतजाम कर लिए गए हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार कोविड-19 के लक्षण ज़्यादातर लोगों में हल्के हैं। लेकिन बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को सतर्क रहना चाहिए। लोगों से अपील की गई है कि भीड़भाड़ वाली जगहों में जाने से बचें, मास्क पहनें और जरूरी सावधानी बरतें।
