पिछले काफी दिनों से ये अटकलें लगाई जा रही हैं कि ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ की बबीता जी उर्फ मुनमुन दत्ता ने गुपचुप तरीके से शो छोड़ दिया है। हालांकि, शो के प्रोड्यूसर असित मोदी पहले ही यह स्पष्ट कर चुके हैं कि मुनमुन दत्ता को लेकर उड़ रही अफवाहें बेबुनियादी हैं।
इस बीच जब एक बार फिर से मुनमुन के शो से जाने की खबरें आने लगीं, तब एक्ट्रेस ने खुद आगे आकर इन खबरों की सच्चाई बताई है। मुनमुन ने कहा है कि वह शो नहीं छोड़ रही हैं और अगर कभी छोड़ेंगी भी तो वह इसकी सूचना खुद देंगी।
उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर दो पोस्ट शेयर किए हैं। इनमें से एक में लिखा है- “अगर और जब भी मैं शो छोड़ूंगी, तो मैं खुद ही इसकी घोषणा करूंगी, क्योंकि मुझे विश्वास है कि शो के फैंस, जो इससे भावात्मक रूप से जुड़े हैं, वह सच जाने के हकदार हैं बजाए इसके कि वह अटकलों को मानें। शुक्रिया।”
अपने अगले पोस्ट में उन्होंने लिखा- “पिछले 2-3 दिनों में, कुछ ऐसी गलत खबरें रिपोर्ट की गईं, जिनका मेरे जीवन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा। लोग कह रहे हैं कि मैंने शो के सेट पर रिपोर्ट नहीं किया और यह पूरी तरह से झूठ है।
सच तो यह था कि जो भी कहानी लिखी गई थी, उसमें मेरी मौजूदगी की जरूरत नहीं है। इसलिए मुझे प्रोडक्शन की तरफ से शूट करने के लिए नहीं बुलाया गया। मैं शो के सीन या कहानी तय नहीं करती। प्रोडक्शन करता है। मैं सिर्फ एक इंसान हूं जो काम पर जाती है, अपना काम करती है और वापस आ जाती है, इसलिए यदि किन्हीं सीन में मेरी आवश्यकता नहीं है, तो मैं निश्चित रूप से शूटिंग नहीं करने जाऊंगी।”
बीते कुछ एपिसोड्स में वह नजर नहीं आईं तो कयास लगाए जाने लगे कि ‘बबीता जी’ ने तारक मेहता का उल्टा चश्मा को अलविदा कह दिया है। दरअसल, इसके पीछे एक वजह उनका विवादों में रहना भी माना जा रहा है। जाति विशेष पर की गई टिप्पणी को लेकर मुनमुन पिछले दिनों चर्चा में थीं।
इस कॉन्ट्रोवर्सी के बाद जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करने के लिए देशभर में कई जगह उनके खिलाफ केस दर्ज करवाया गया था। एक्ट्रेस ने माफी मांगते हुए सफाई दी थी कि अलग भाषायी क्षेत्र से होने के चलते से बोले गए शब्द का अर्थ उन्हें नहीं पता था, इसीलिए उनसे यह गलती हुई।
वह सभी जाति और समुदायों का सम्मान करती हैं और उनका किसी के बारे में ऐसा गलत बोलने का बिल्कुल इरादा नहीं था।
Read More
- प्रेम प्रसंग मामले में क्रूरता से की लड़के की हत्या, बिहार के मुजफ्फरपुर का है मामला
- झारखंड में सरकार गिराने के मामले में गिरफ्तार आरोपी निकले फल-सब्जी विक्रेता और दिहाड़ी मजदूर
- पुलिस की पूछताछ के दौरान रो पड़ी अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी
- फूलन देवी के शहादत दिवस प्रकरण को लेकर मुकेश सहनी ने जवाब देने की कही बात
- बीएस येदियुरप्पा ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री के पद से दिया इस्तीफा
