सूडान में चल रहे संघर्ष के बीच भारत के ओडिशा के जगतसिंहपुर ज़िले के एक नागरिक, आदर्श बेहेरा, को विद्रोही समूह रैपिड सपोर्ट फोर्स (RSF)ने अगवा कर लिया है। सूडान की राजधानी खार्तूम में 2023 से सेना SAF और RSF के बीच भीषण संघर्ष जारी है, जिससे अब तक 1.3 करोड़ से अधिक लोग विस्थापित हो चुके हैं।
सूत्रों के मुताबिक एक वीडियो में आदर्श बेहेरा दो RSF लड़ाकों के बीच बैठे नज़र आ रहे हैं। उनमें से एक पूछता है, “डू यू नो शाहरुख खान?”(क्या तुम शाहरुख खान को जानते हो?) जबकि दूसरा उनसे कैमरे की ओर देखकर बोलने को कहता है “डागालो गुड”, जो RSF प्रमुख मोहम्मद हमदान डागालो (हेमेती) के लिए इस्तेमाल किया गया नाम है।
सूत्रों के अनुसार, 36 वर्षीय आदर्श बेहेरा को अल-फ़ाशिर शहर से अगवा किया गया और बाद में नयाला, दक्षिण दारफुर की राजधानी, ले जाया गया।
उनकी पत्नी सुष्मिता ने बताया कि आदर्श 2022 से सुकरती प्लास्टिक फैक्ट्री में काम कर रहे थे और उनके दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र 8 और 3 साल है।
सूडान में हालात बेहद ख़राब हैं ,अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) ने RSF पर युद्ध अपराधों के आरोप लगाए हैं, जिनमें हत्या और बलात्कार की घटनाएं शामिल हैं।
भारत में सूडान के राजदूत डॉ. मोहम्मद अब्दल्ला अली एल्टोम ने कहा, “हम आशा करते हैं कि आदर्श को कोई नुकसान न पहुंचे और वह जल्द सुरक्षित लौट आए।”
