केरल के पलक्कड़ ज़िले में सोमवार को एक अजीब हादसा हुआ, जब नगर परिषद की नई गाड़ी उद्घाटन के कुछ ही मिनटों बाद नदी में जा गिरी। हादसे में मौजूद दोनों लोग -चालक और नगर परिषद कर्मचारी बाल-बाल बच गए।
यह गाड़ी पलक्कड़ ज़िले के वडक्कनचेरी नगरपालिका के पुन: उपयोग योग्य सामग्री संग्रह केंद्र (Reusable Materials Collection Centre) के लिए खरीदी गई थी। नगर परिषद अध्यक्ष पी. एन. सुरेन्द्रन ने झंडा दिखाकर शुभारंभ किया था। लेकिन कार्यक्रम ख़त्म होते ही गाड़ी अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे नदी में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक और कर्मचारी ने तुरंत दरवाज़ा खोलकर बाहर निकलने में सफलता पाई। वहीं मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने नदी में कूदकर दोनों को सुरक्षित किनारे तक पहुँचाया।
गवाहों ने बताया कि गाड़ी के सामने लोगों की भीड़ नहीं थी, इसलिए बड़ा हादसा टल गया। बाद में नगरपालिका की टीम ने वाहन को क्रेन की मदद से नदी से बाहर निकाला।
स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और वाहन के नियंत्रण खोने की तकनीकी वजहों का पता लगाया जा रहा है। यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जहाँ लोग इसे “झंडा दिखाते ही गाड़ी पानी में” कहकर मजाक बना रहे है।
