संस्कृति से संधि तक, जापान में PM मोदी की दमदार दस्तक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय जापान यात्रा पर टोक्यो पहुँचे, जहाँ उन्होंने जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा से मुलाकात की और इंडिया-जापान जॉइंट इकोनॉमिक फोरम को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने जापानी निवेशकों को आमंत्रित करते हुए कहा, “भारत में बनाओ, दुनिया के लिए बनाओ।”

PM मोदी ने बताया कि जापानी कंपनियों ने अब तक भारत में $40 अरब से अधिक का निवेश किया है। वहीं जापानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जापान अगले 10 वर्षों में भारत के साथ व्यापार को बढ़ावा देने के लिए 10 ट्रिलियन येन (लगभग $68 अरब) का निवेश करेगा। यह निवेश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर्स, पर्यावरण और चिकित्सा जैसे क्षेत्रों में केंद्रित होगा।

उन्होंने कहा, “80% जापानी कंपनियाँ भारत में विस्तार करना चाहती हैं, और 75% पहले ही मुनाफ़े में हैं। भारत में पूँजी सिर्फ़ बढ़ती नहीं, गुणा होती है।”

यात्रा के दौरान पीएम मोदी टोक्यो की इलेक्ट्रॉन फैक्ट्री और सेनदाई स्थित बुलेट ट्रेन कोच फैक्ट्री भी जाएंगे। जापान भारत की बुलेट ट्रेन परियोजना में भागीदार है।

टोक्यो में भारतीय समुदाय ने पारंपरिक राजस्थानी गीतों और संस्कृत मंत्रों के साथ PM मोदी का सांस्कृतिक स्वागत किया। जापानी कलाकारों ने राजस्थानी परिधान पहनकर मंत्रमुग्ध कर देने वाला प्रदर्शन दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *