राहुल गांधी पर एफआईआर: पीएम मोदी और मां पर टिप्पणी को लेकर बिहार में बवाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां पर कथित अभद्र टिप्पणी के मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ बिहार के पटना में एफआईआर दर्ज की गई है। भाजपा नेता कृष्णा सिंह कल्लू ने गांधी मैदान थाना में शिकायत दी, जिसमें कहा गया कि दरभंगा में INDIA गठबंधन की रैली के दौरान राहुल गांधी ने मंच से अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया।

कल्लू ने कहा, “जो भाषा राहुल गांधी ने पीएम मोदी और उनके दिवंगत परिजनों के लिए इस्तेमाल की, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और असहनीय है। हम इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। बिहार की जनता इस रैली को सफल नहीं होने देगी।”

इस मुद्दे पर भाजपा के शीर्ष नेताओं ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। गृहमंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “यह लोकतंत्र पर एक कलंक है। कांग्रेस की राजनीति अब रसातल में पहुंच चुकी है।”

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी राहुल गांधी और तेजस्वी यादव से माफी की मांग की। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने मर्यादा की सभी सीमाएं लांघ दी हैं।

वहीं, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि भाजपा असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए “बेतुके आरोप” लगा रही है।

बिहार विधानसभा चुनावों से पहले इस विवाद ने सियासी माहौल को गरमा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *