अफगानिस्तान के कंधार में बड़ा धमाका, मारे गए इतने लोग

अफ़ग़ानिस्तान में एक बार फिर शियाओं को निशाना बना बम विस्फोट किया गया है। शुक्रवार को कंधार में बम धमाके हुए जो जुमे की नमाज़ के दौरान इमाम बारगाह मसजिद में किए गए।

हालांकि अन्य खबरों में यह मस्जिद बीबी फातिमा मसजिद बताई जा रही है जो इस शहर में शिया समुदाय की सबसे बड़ी मस्जिद है। इन बम धमाकों में अब तक कम से कम 47 लोगों की मौत और 53 लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं, तालिबान के प्रवक्ता बिलाल करीमी ने मृतकों की संख्या 47 और घायलों की तादाद 70 बताई।कहा जा रहा है कि मरने वालों और घायलों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

अफ़ग़ानिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री क़ारी सैयद खोस्ती ने वाकये पर दुख जताते हुए कहा कि तालिबान के विशेष सुरक्षा बल मौक़े पर पहुंचकर इस बात का पता लगा रहे हैं कि धमाका किस तरह का था।

घटना के चश्मदीदों ने बताया कि उन्होंने तीन धमाकों की आवाज़ सुनी। वे चार आत्मघाती हमलावरों द्वारा मसजिद पर हमला किए जाने की बात बता रहे हैं। चश्मदीदों के मुताबिक हमलावरों में से दो ने ख़ुद को सुरक्षा गेट पर उड़ा लिया जबकि दो दौड़कर अंदर गए और मस्जिद में मौजूद लोगों से जानबूझकर टकरा गए। चश्मदीद के मुताबिक़, नमाज़ के दौरान वहां 500 लोग मौजूद थे।

घटना की वीडियो फुटेज जारी होने के बाद यहां-वहां पड़े शव और कालीन पर खून देखा जा रहा है। लोग इधर-उधर भागते और चिल्लाते नजर आ रहे थे। यह आशंका जताई जा रही है कि तालिबान के दुश्मन आईएसआईएस ने अफगानिस्तान में इन घटनाओं से अपनी मौजूदगी का विस्तार किया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *