इंटरपोल द्वारा गैंगस्टर सतिंदरजीत उर्फ़ गोल्डी बरार के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस (आरसीएन) जारी करने के बाद कनाडा के उच्चायोग के प्रवक्ता ने बताया कि भारत और कनाडा ने यह सुनिश्चित करने के लिए कई तंत्र स्थापित किए हैं कि हमारी संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियां आपराधिक गतिविधि को संबोधित करने में सहयोग कर सकती हैं। आपको बता दें कि सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़, जिसने 29 मई को पंजाबी गायक-राजनेता सिद्धू मूस वाला की हत्या की इसकी जिम्मेदारी ली है वह फ़िलहाल कनाडा में है।
श्री मुक्तसर साहिब का मूल निवासी बराड़ 2017 में स्टूडेंट वीजा पर कनाडा गया था और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सक्रिय सदस्य है। बराड़ के बारे में एक सवाल के जवाब में प्रवक्ता ने हालांकि कहा कि वह अलग-अलग मामलों पर टिप्पणी नहीं करेंगे। सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि आरसीएन जारी होने के बाद बराड़ को भारत प्रत्यर्पित करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। “आरसीएन जारी किया गया है। सीबीआई संपर्क अधिकारी इंटरपोल के साथ समन्वय करेगा और प्रत्यर्पण के लिए गृह मंत्रालय (एमएचए) और विदेश मंत्रालय (एमईए) के माध्यम से एक प्रस्ताव पेश किया जाएगा।
28 वर्षीय लोकप्रिय गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की पंजाब के मनसा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, इससे एक दिन पहले ही राज्य सरकार ने उनके सुरक्षा कवर में कटौती की थी। उसकी एसयूवी के पास गोलियों के 30 से अधिक खाली डिब्बे पाए गए। ज्ञात रहे कि रेड कॉर्नर नोटिस 195 इंटरपोल सदस्य देशों की प्रवर्तन एजेंसियों को अनुरोध करने वाले सदस्य देश द्वारा वांछित एक भगोड़े का पता लगाने और उसे हिरासत में लेने के लिए सचेत करता हैं।
