लोक जनशक्ति पार्टी(लोजपा) में दो फाड़ होने के बाद चल रही खींचतान का सिलसिला अभी रूका नहीं है। लोजपा(चिराग गुट) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने पूर्व विधान पार्षद हुलास पांडेय को बिहार लोजपा संसदीय दल का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
वाह जदयू विधायक सुनील पांडे के भाई हैं जिनकी छवि खुद बाहुबली की रही है। हुलास बिहार विधान परिषद के सदस्य रह चुके हैं। हुलास पांडे बक्सर जिले की राजनीति जबकि सुनील पांडे भोजपुर जिले की राजनीति में अधिक सक्रिय देखे गए हैं।
बता दें कि 2020 के विधानसभा चुनाव में हुलास ने बक्सर जिले की ब्रह्मपुर सीट से बतौर लोजपा प्रत्याशी चुनाव लड़ा था। यह भी ज्ञात हो कि हुलास पांडेय पर अवैध हथियार रखने, खतरनाक हथियार से नुकसान पहुंचाने, हत्या की कोशिश, जाने से मारने की धमकी, आपराधिक षड़यंत्र, शांति भंग करने, सरकारी अधिकारी को परेशान करने, वसूली और रंगदारी मांगने जैसे कई संगीन मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। हालांकि उन्हें किसी भी मामले में कोर्ट के द्वारा दोषी नहीं ठहराया गया है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में एनआईए उनके ठिकानों पर छापेमारी भी कर चुकी है।
वहीं, प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने संगठन को विस्तार देना शुरू कर दिया है। ऋषिकेश कुमार झा को सीतामढ़ी का जिलाध्यक्ष, सत्येंद्र पासवान उर्फ मुकुटजी को नालंदा का जिला अध्यक्ष बनाया गया है। बिहार प्रदेश प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी कृष्णा सिंह कल्लू ने बताया कि इस मनोनयन पर प्रधान महासचिव संजय पासवान, संजय सिंह, डॉ शाहनवाज अहमद कैफी, अशरफ अंसारी, वेद प्रकाश व राकेश रोशन ने बधाई दी है।
Read More

One thought on “हुलास पांडे बने लोजपा संसदीय दल के अध्यक्ष”