कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बेंगलुरु के टनल रोड प्रोजेक्ट का बचाव करते हुए एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा, “आजकल लोग अपनी बेटियों की शादी ऐसे लड़कों से नहीं करते जिनके पास कार नहीं होती।” इस बयान पर बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या ने पलटवार किया है।
तेजस्वी सूर्या ने सोशल मीडिया पर लिखा, “अब समझ आया कि यह टनल रोड ट्रैफिक नहीं बल्कि सामाजिक समस्या ‘बिना कार वाले लड़कों की शादी न होने’की समस्या सुलझाने के लिए बनाई जा रही है। कितना बड़ा भ्रम था मेरा!” सूर्या ने बताया कि उन्होंने शिवकुमार से मुलाकात कर सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की योजना पेश की थी। इसमें 300 किलोमीटर तक मेट्रो विस्तार, हर 3 मिनट में ट्रेन संचालन, बीएमटीसी बस सेवाओं को मजबूत करने और छोटे प्राइवेट फीडर बसों को शामिल करने का सुझाव दिया गया था, जिसे उपमुख्यमंत्री ने अस्वीकार कर दिया था।
शिवकुमार का कहना है कि लोग सामाजिक जिम्मेदारी के कारण अपनी गाड़ियों से सफर करते हैं, और किसी को अपनी गाड़ी लाने से नहीं रोका जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रैफिक की समस्या पहले से गंभीर है और सिर्फ बसें बढ़ाने से इसका हल नहीं निकलेगा।
बेंगलुरु की ट्रैफिक दिक्कतें लंबे समय से चर्चा का विषय रही हैं, जबकि पर्यावरणविदों का मानना है कि टनल रोड परियोजना शहर के पर्यावरण को नुकसान पहुंचाएगी।
