कर्नाटक के बेंगलुरु ग्रामीण जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब जिगनी कल्लुबालू को-ऑपरेटिव बैंक का वाई-फाई नेटवर्क अचानक “Pakistan Zindabad” नाम से दिखने लगा। यह घटना मंगलवार सुबह सामने आई, जब गोवर्धन सिंह नामक व्यक्ति ने बैंक परिसर में यह संदिग्ध वाई-फाई आईडी देखी और तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
सूत्रों के मुताबिक, बैंक का वाई-फाई पहले से खराब था और उसे ठीक करने के लिए एक स्थानीय तकनीशियन को बुलाया गया था। मरम्मत के बाद जब नेटवर्क चालू हुआ, तो उसका नाम बदलकर “Pak Zindabad” हो चुका था। इस बीच, तकनीशियन बैंक से जा चुका था और उसका फोन भी स्विच ऑफ मिला, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया।
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल तकनीशियन की तलाश की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि यह किसी ने मजाक किया था या जानबूझकर किया गया उकसावे का प्रयास है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह घटना महज़ एक प्रैंक थी या साम्प्रदायिक तनाव फैलाने की साजिश। इस बीच, क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और साइबर पुलिस टीम जांच में जुटी है।
