अमेरिका में गिरफ्तार हुआ लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य जगदीप सिंह उर्फ जग्गा, राजस्थान पुलिस करेगी वापसी की तैयारी

राजस्थान की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स(AGTF) को बड़ी सफलता मिली है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अपराधी जगदीप सिंह उर्फ जग्गा को अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है। जग्गा के रोहित गोडारा गैंग से भी करीबी संबंध थे और वह कई वर्षों से फरार चल रहा था।

राजस्थान पुलिस के अनुसार, अब उसे भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। AGTF के सूत्रों ने बताया कि एजेंसी लंबे समय से बिश्नोई नेटवर्क के उन गैंगस्टर्स पर नज़र रख रही थी, जो भारत से फरार होकर विदेशों से आपराधिक गतिविधियाँ चला रहे थे।

जग्गा पर पंजाब और राजस्थान में हत्या, हत्या के प्रयास और शोषण जैसे दस से अधिक गंभीर मामलों के आरोप हैं।उसे कई अदालतों ने घोषित अपराधी घोषित कर रखा था। राजस्थान में उसके खिलाफ जोधपुर के प्रतापनगर और सरदारपुरा थानों में मामले दर्ज हैं और गिरफ्तारी वारंट जारी थे।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जग्गा दुबई और अमेरिका से बिश्नोई-गोडारा नेटवर्क की आर्थिक और लॉजिस्टिक गतिविधियाँ संचालित कर रहा था। उसके खिलाफ 2017 के प्रतापनगर फायरिंग केस और जोद्धपुर के सरदारपुरा क्षेत्र में वासुदेव इसरानी हत्याकांड में भी मामला दर्ज है।

AGTF की सूचना पर अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी की ICE एजेंसी ने उसे हिरासत में लिया है। फिलहाल वह अमेरिकी हिरासत में है और उसके वापसी की कानूनी प्रक्रिया जारी है। भारत लाए जाने के बाद उस पर संगठित अपराध के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *