केरल हाईकोर्ट ने शुक्रवार को अभिनेता दुलकर सलमान की याचिका पर कस्टम्स प्रिवेंटिव डिपार्टमेंट से जवाब तलब किया है। अभिनेता ने अपनी 2004 मॉडल लैंड रोवर डिफेंडर कार की रिहाई की मांग की है, जिसे हाल ही में ऑपरेशन नूमखोर के तहत जब्त किया गया था।
जस्टिस ज़ियाद रहमान ए ए ने इस मामले में सेंट्रल बोर्ड ऑफ इंडायरेक्ट टैक्सेज़ एंड कस्टम्स (CBIC) को नोटिस जारी किया और 30 सितंबर को सुनवाई के दौरान निर्देशों के साथ पेश होने को कहा।
दुलकर की याचिका में दावा किया गया है कि यह वाहन इंटरनेशनल कमिटी ऑफ द रेड क्रॉस (ICRC) की रीजनल डेलीगेशन, नई दिल्ली के नाम से क्लीयर हुआ था। उन्होंने कहा कि यह गाड़ी वैध स्वामित्व और पंजीकरण के साथ खरीदी गई थी और उन्हें इसकी प्रामाणिकता पर शक करने का कोई कारण नहीं था।
उन्होंने आरोप लगाया कि कस्टम्स अधिकारियों ने दस्तावेज़ों की जांच किए बिना ही “जल्दबाज़ी और मनमाने तरीके” से गाड़ी जब्त कर ली। याचिका में कहा गया कि अगर लंबे समय तक वाहन बिना इस्तेमाल पड़ा रहा तो यह बेकार हो जाएगा।
दरअसल, बीते मंगलवार को कस्टम्स ने प्रिथ्वीराज सुकुमारन, दुलकर सलमान और अमित चक्कलक्कल समेत कई हस्तियों के ठिकानों पर छापे मारे थे। करीब 36 महंगी कारें जब्त की गईं, जिन पर फर्जी कागज़ात से भूटान से भारत लाए जाने का आरोप है।
कस्टम्स की जांच में टैक्स चोरी, मनी लॉन्ड्रिंग और ड्रग्स व सोने की तस्करी जैसे गंभीर मामले सामने आए हैं। अधिकारियों ने चेताया कि ऐसे नेटवर्क राष्ट्रीय और आर्थिक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हैं।
