प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (शनिवार) ओडिशा के झारसुगुड़ा में 60,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और लोकार्पण करेंगे। इस दौरान वे एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
इन परियोजनाओं में दूरसंचार, रेलवे, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और ग्रामीण आवास जैसे अहम क्षेत्र शामिल हैं।
दूरसंचार क्षेत्र में, पीएम मोदी लगभग 97,500 मोबाइल 4G टावरों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिनमें से 92,600 साइट्स BSNL द्वारा और 18,900 साइट्स डिजिटल भारत निधि के अंतर्गत स्थापित की गई हैं। यह पहल 26,700 दूरदराज़ और सीमावर्ती गांवों को जोड़ेगी और 20 लाख से अधिक नए ग्राहकों को सेवा देगी। खास बात यह है कि ये सभी टावर सौर ऊर्जा से संचालित होंगे।
रेलवे क्षेत्र में, पीएम मोदी संबलपुर-सारला रेल फ्लाईओवर, कोरापुट-बैगुडा लाइन डबलिंग, और मनाबर-कोरापुट-गोरापुर लाइन का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा, वे ब्रह्मपुर-उधना (सूरत) अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे।
शिक्षा और शोध को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री 8 IITs के विस्तार कार्यों की नींव रखेंगे, जिस पर लगभग 11,000 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे 10,000 नए छात्रों की क्षमता बढ़ेगी और 8 रिसर्च पार्क तैयार होंगे।
स्वास्थ्य क्षेत्र में, वे MKCG मेडिकल कॉलेज (ब्रह्मपुर) और VIMSAR (संबलपुर) को सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों में अपग्रेड करने की नींव रखेंगे।
इसके अलावा, पीएम मोदी 50,000 लाभार्थियों को अंत्योदय गृह योजना के अंतर्गत पक्के मकानों के स्वीकृति पत्र भी देंगे।
यह दौरा ओडिशा के विकास के लिए बहुआयामी योजनाओं का बड़ा पैकेज साबित होगा।
