अशांति फैलाने वालों पर कोई रहम नहीं, संपत्तियों की भी होगी जांच- CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दशहरा के मौके पर कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि राज्य में अशांति फैलाने की साजिश करने वालों पर किसी भी हाल में रहम न दिखाया जाए।

हाल ही में कानपुर नगर, वाराणसी, मुरादाबाद, बदायूं, महाराजगंज, उन्नाव, संभल, आगरा और बरेली में भड़काऊ नारेबाज़ी और आपत्तिजनक जुलूसों की घटनाओं पर नाराज़गी जताते हुए उन्होंने कहा कि यह “सुनियोजित साजिश” है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सीएम योगी ने आदेश दिया कि तुरंत FIR दर्ज कर आयोजकों और मास्टरमाइंड की पहचान की जाए और उनकी संपत्तियों की जांच हो। उन्होंने कहा, “गलत काम करने वाला एक भी व्यक्ति बचना नहीं चाहिए। वीडियो फुटेज खंगालिए, सोशल मीडिया पर नज़र रखिए और हर दोषी पर कार्रवाई कीजिए।”

उन्होंने महिला अपराधों पर त्वरित कार्रवाई, गरबा और डांडिया जैसे आयोजनों में कड़ी निगरानी, झूठी अफ़वाहें फैलाने वालों की गिरफ्तारी, और गो-तस्करी व अवैध बूचड़खानों पर सख्त कदम उठाने के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा समितियों से सुरक्षित इंतज़ाम करने और रावण दहन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की।

ग्रेटर नोएडा में चल रहे UP International Trade Show पर भी उन्होंने सुरक्षा और ट्रैफ़िक व्यवस्थाओं पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *