भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच के आखिरी दिन रोमांचक जीत दर्ज कर ली। मोहम्मद सिराज की घातक गेंदबाज़ी ने टीम इंडिया को 6 रन से यादगार जीत दिलाई, जिससे पांच मैचों की सीरीज़ 2-2 से बराबर हो गई और एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी भारत के पास ही रही।
इंग्लैंड को जीत के लिए सिर्फ 35 रन चाहिए थे, लेकिन सिराज ने अंतिम दिन तीन विकेट झटकते हुए कुल पांच विकेट पूरे किए। उनके साथ प्रसिद्ध कृष्णा ने भी शानदार गेंदबाज़ी करते हुए चार विकेट लिए।
इससे पहले, इंग्लैंड की मजबूत स्थिति को जो रूट और हैरी ब्रूक की शतकीय पारियों ने और मज़बूत किया था, लेकिन चौथे दिन के अंतिम सेशन में भारत ने जोरदार वापसी की। दोनों सेट बल्लेबाज़ जल्दी-जल्दी पवेलियन लौटे और इंग्लैंड की टीम 367 रनों पर ऑल आउट हो गई।
शुभमन गिल की कप्तानी में खेल रही टीम इंडिया के लिए यह जीत ऐतिहासिक रही, क्योंकि वे मुकाबले से लगभग बाहर माने जा रहे थे। लेकिन सिराज और प्रसिद्ध की तेजतर्रार गेंदबाज़ी ने मैच की तस्वीर बदल दी।
यह जीत सिर्फ एक मुकाबला नहीं, बल्कि जज़्बे, धैर्य और जुनून का प्रतीक बन गई है।
