आईपीएल के पहले सीजन (2008) के दौरान हरभजन सिंह द्वारा एस श्रीसंत को थप्पड़ मारने की घटना एक बार फिर सुर्खियों में है। करीब 18 साल पुरानी इस विवादित घटना का वीडियो अब सामने आया है, जिसे आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने सोशल मीडिया पर लीक किया है।
ललित मोदी ने हाल ही में माइकल क्लार्क के पॉडकास्ट ‘बियॉन्ड 23’ में इस घटना का ज़िक्र किया और फिर वीडियो इंटरनेट पर डाल दिया। इसके बाद क्रिकेट जगत में हलचल मच गई।
वीडियो के लीक होने पर हरभजन सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “जो वीडियो लीक किया गया है, वह गलत है। ऐसा नहीं होना चाहिए था। इसके पीछे कोई स्वार्थी मकसद हो सकता है। 18 साल पुरानी बात को लोग भूल चुके थे, अब फिर से उसे याद दिलाया जा रहा है।”
हरभजन ने एक बार फिर इस घटना पर खेद जताते हुए कहा, “मुझे उस घटना का अफसोस है। हम खेल रहे थे और कई चीजें दिमाग में चल रही थीं। इंसानों से गलतियां होती हैं और मुझसे भी हुई।”
श्रीसंत की पत्नी भी इस वीडियो के लीक होने पर ललित मोदी की आलोचना कर चुकी हैं। हरभजन और श्रीसंत के बीच अब कोई मनमुटाव नहीं है, लेकिन ललित मोदी के इस कदम ने पुराने ज़ख्म फिर से ताज़ा कर दिए हैं।
