जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में सोमवार तड़के आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश को भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया। यह घटना उस समय हुई जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू के दौरे पर थे, जहां हाल ही में भारी बारिश और बाढ़ के कारण भारी नुकसान हुआ है।
सेना के अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे, व्हाइट नाइट कॉर्प्स की टुकड़ियों ने बालाकोट क्षेत्र में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास संदिग्ध गतिविधि देखी। सतर्क सैनिकों ने तुरंत फायरिंग कर घुसपैठ की कोशिश को रोक दिया।
घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती की गई और पूरे क्षेत्र को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया गया। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि जैसे ही सर्च पार्टी उस इलाके में पहुंची, जहां पहले मुठभेड़ हुई थी, दोनों ओर से एक बार फिर भारी फायरिंग शुरू हो गई।
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) से आतंकियों का एक समूह डब्बी गांव के पास से भारत में घुसने की कोशिश कर रहा था। भारी फायरिंग के बीच आतंकी भागने लगे, लेकिन सेना ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और व्यापक तलाशी शुरू की।
सेना ने कहा है कि इलाके में हाई अलर्ट है और घुसपैठ की किसी भी कोशिश को नाकाम करने के लिए सभी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
