उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने गाजियाबाद के कविनगर इलाके में एक किराए के मकान से फर्जी एंबेसी चला रहे ठग हर्ष वर्धन जैन को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को छोटे देशों का राजदूत बताकर लोगों को ठग रहा था। उसके पास से ₹44.7 लाख नकद, विदेशी मुद्रा, 12 डिप्लोमैटिक पासपोर्ट, 34 देशों की नकली मुहरें और विदेश मंत्रालय के फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं।
जैन के पास चार लग्ज़री गाड़ियां थीं जिन पर डिप्लोमैटिक नंबर प्लेट लगी थी। वह वेस्ट आर्कटिका, साबोर्गा, पॉल्विया और लोडोनिया जैसे देशों का हवाला देकर अपनी पहचान बना रहा था। पुलिस ने बताया कि वह जाली पैन कार्ड, प्रेस कार्ड और फोटोशॉप की गई तस्वीरों के जरिए खुद को प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति जैसी हस्तियों के करीब दिखाता था।
आशंका है कि वह हवाला रैकेट और फर्जी विदेशी नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करता था। पुलिस अब उसकी शेल कंपनियों और ठगी नेटवर्क की जांच में जुटी है।
एसटीएफ की कार्रवाई ने एक बड़े जालसाज के खेल का भंडाफोड़ कर दिया है।
