बिहार विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार और आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है। खास कर बिहार बीजेपी की तरफ से सुशील मोदी ने लालू परिवार को घेरने का जिम्मा संभाल रखा है। अभी हाल ही में सुशील मोदी ने तेजप्रताप यादव की संपत्ति को लेकर सवाल खड़े किए थे वहीं अब एक बार फिर उन्होंने तेजस्वी यादव के चुनावी हलफनामे पर सवाल पूछा है।
एक के बाद एक ट्वीट कर सुशील मोदी ने यह सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर जिस आदमी की आमदनी का कोई ज्ञात श्रोत नही उसने चार करोड़ रुपये कर्ज कैसे किसी कंपनी को दे दिया?
सुशील मोदी ने लिखा,’4 करोड़ 10 लाख का ऋण किस कम्पनी को दिया और ऋण देने के लिए पैसा कहां से आया? 2015 के Affidavit में दिखाया गया था कि 1 करोड़ 7 लाख का लोन किसी भारतीय कम्पनी को दिया।आखिर बिना किसी नौकरी, व्यवसाय के इतना पैसा कहां से आया कि किसी अन्य को 4 करोड़ 10 लाख का ऋण दिया?’
उन्होंने एक और ट्वीट के माध्यम से लिखा,’फिर 5 साल में 3 करोड़ की कहां से आमदनी हुई कि 4 करोड़ 10 लाख का ऋण दिया गया?रघुनाथ झा एवं कान्ति सिंह से टिकट/मंत्री पद के बदले गिफ्ट में प्राप्त सम्पत्ति को खरीद की सम्पति बता रहे हैं? स्व. रघुनाथ झा ने 2005 में गोपालगंज में एनएच के पास दो मंजिला मकान तेजस्वी और तेजप्रताप को 15 वर्ष की आयु में गिफ्ट कर दिया।’
तेजस्वी पर गिफ्ट के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए मोदी ने लिखा,’रघुनाथ झा एवं कान्ति सिंह से टिकट/मंत्री पद के बदले गिफ्ट में प्राप्त सम्पत्ति को खरीद की सम्पति बता रहे हैं? स्व. रघुनाथ झा ने 2005 में गोपालगंज में एनएच के पास दो मंजिला मकान तेजस्वी और तेजप्रताप को 15 वर्ष की आयु में गिफ्ट कर दिया।
कान्ति सिंह ने 2005 में पटना के चितकोहरा में G +2 मकान गिफ्ट कर दिया। परन्तु,गोपालगंज के 2 मंजिला मकान को केवल ग्राउंड फ्लोर का एफिडेविट में दिखाया जा रहा है। दूसरी बात जो सम्पत्ति गिफ्ट में प्राप्त हुई उसे 2005 में खरीदी हुई दिखाई जा रही है।’
तेजप्रताप और तेजस्वी से आय के स्रोत पर सवाल करते हुए मोदी ने पूछा,’आखिर 31 साल की उम्र में तेजस्वी यादव 52 एवं तेजप्रताप 28 से ज्यादा सम्पत्ति के मालिक कैसे बन गए? जब कोई पुश्तैनी सम्पत्ति नहीं थी? नौंवी तक मुश्किल से पढ़ाई कर पाए? क्रिकेट में भी विफल रहे? न कोई नौकरी की, न व्यवसाय किया? आखिर ऐसी क्या योग्यता थी जिसके बलबूते करोड़ों की सम्पत्ति के मालिक बन गए।’
लालू के सजायाफ्ता होने और उनके परिवार के आय के स्रोत को लेकर सुशील मोदी ने कहा,’आईआरसीटीसी घाटाले में चार्ज शीटेड हैं। लॉकडाउन के कारण ट्रायल प्रारंभ नहीं हो पाया। भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में ( IRCTC घोटाला) बेल पर हैं। इस मामले में जेल सुनिश्चित है। लालू प्रसाद की जिन्दगी का बड़ा हिस्सा जेल में बीता, तेजस्वी यादव को भी लम्बे समय तक जेल में रहना पड़ेगा।’
