झारखंड में सरकार गिराने के मामले में नया ट्विस्ट यह देखने को मिला कि दरअसल रांची पुलिस ने सरकार गिराने की साजिश के आरोप में जिन लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें से एक सब्जी बेचने वाला और दूसरा दिहाड़ी मजदूर निकला।
यह दावा खुद गिरफ्तार आरोपियों के परिजनों ने किया है। परिजनों का कहना है कि पुलिस इन्हें दो दिन पहले बोकारो में उनके घर से उठाकर ले गए थे। निवारण प्रसाद महतो बोकारो में सब्जी और फल की रेहड़ी लगाते हैं, जबकि अमित सिंह दिहाड़ी मजदूरी करते हैं।
निवारण के जीजा सोनू कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों को दो दिन पहले यह कहकर उठाया था कि एक मामले में पूछताछ करनी है, एक-डेढ़ घंटे बाद छोड़ दिया जाएगा। निवारण के चचेरे भाई ने बताया कि उसका भाई बोकारो के डुंडीबाग बाजार में फल का ठेला लगाता है।
उसका राजनीति से कोई वास्ता नहीं है। गुरुवार की रात बोकारो पुलिस रात एक बजे घर आयी और पूछताछ के लिए ले गयी। निवारण के भाई ने बताया है कि शुक्रवार की सुबह वह थाना गए तब बोले कि जांच चल रही है, रिपोर्ट नहीं आयी है।
वहीं गिरफ्तार अमित सिंह के पिता मदन सिंह ने बताया कि अमित बोकारो में बीएसएल में ठेका मजदूर है। मदन सिंह ने बताया कि तीन दिन पहले उनके बोकारो सेक्टर दो स्थित क्वार्टर में पुलिस आयी और उठाकर ले आयी।
इधर, रांची के अभिषेक दुबे की बहन भावना के मुताबिक, अभिषेक छोटी-मोटी ठेकेदारी ठेका का काम करता था। लेकिन अब वह राशन दुकान पर बैठता है। अभिषेक के परिजनों के मुताबिक, किसी विधायक के साथ वह हाल में दिल्ली गया था। लेकिन विधायकों की खरीद-फरोख्त जैसे मामलों से अभिषेक का कोई जुड़ाव नहीं है।
इधर, पुलिस ने इन्हें रांची के एक बड़े होटल से गिरफ्तार करने का दावा किया है। परिजन ने बताया कि जब वे रांची आए तो उन्हें पता चला कि इनको सरकार गिराने की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
परिजन का पूछना है कि रोज कमाने-खाने वाले दोनों लोगों का राजनीति से दूर-दूर तक लेना-देना नहीं है। फिर ये सरकार गिराने की साजिश कैसे रच सकते हैं? उन्होंने कोतवाली थाने में अपनी बात रखनी चाही, लेकिन पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी।
इससे पहले स्पेशल सेल ने रांची के बड़े होटलों में गुरुवार से शुक्रवार देर रात तक ताबड़तोड़ छापा मारा है। यहां से 3 लोगों को 2 लाख कैश के साथ गिरफ्तार किया है।
पूरी कार्रवाई कांग्रेस के बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह की शिकायत पर की गई है। जयमंगल ने 22 जुलाई को कोतवाली थाने में एक पत्र लिखकर विधायकों की खरीद-फरोख्त की आशंका जताई थी।
स्पेशल ब्रांच का दावा है कि ये लोग झारखंड में सरकार गिराने की साजिश के तहत विधायकों की खरीद-फरोख्त के लिए बड़ी रकम लेकर होटल में ठहरे हुए थे। शनिवार को तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाना में राजद्रोह के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कोतवाली थाने में अभिषेक दुबे, अमित सिंह और निवारण प्रसाद महतो के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। इन पर आईपीसी की धारा 419, 420 124-A, 120 B, 34 और पीआर एक्ट की धारा 171 के साथ पीसी एक्ट की धारा 8/9 लगाई गई है।
मामले में झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य का बयान आया है जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा के इशारे पर झारखंड की स्थिर सरकार को गिराने की साजिश रची जा रही है। भाजपा के बड़े नेता राज्य की हेमंत सरकार को गिराने के लिए कई महीनों से कोशिश कर रहे हैं।
भट्टाचार्य ने कहा कि कर्नाटक, मध्यप्रदेश और राजस्थान के बाद भाजपा ने झारखंड को अगला निशाना बनाया था, लेकिन उनकी साजिश नाकाम हो गई। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ऐसी हरकत करेगी, इसका अंदाजा उन्हें पहले से था।
दुमका उपचुनाव के समय भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा था कि बेरमो चुनाव के बाद सरकार गिर जाएगी।
Read More
- कोविड-19 प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने के कारण राजधानी दिल्ली का तिलक नगर बाजार 23 से 27 जुलाई तक किया गया बंद
- अभिनेता कार्तिक आर्यन की नई फिल्म का पोस्टर हुआ जारी, पायलट के किरदार में देंगे दिखाई
- काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर के लिए ज्ञानवापी मस्जिद की तरफ से मिली 1700 स्क्वायर फीट की जमीन, काॅरिडोर में आएगी और भी भव्यता
- पेगासस जासूसी प्रकरण पर राहुल गांधी ने सरकार पर उठाए सवाल, खुद के भी फोन टैप होने की कही बात
- संसद में जारी रहा भारी हंगामा, बिगड़ती स्थिति देख कार्यवाही हुई स्थगित
- उत्तर प्रदेश की लड़ाई में आम के स्वाद को लेकर शुरू हुआ कटाक्ष, राहुल गांधी के बयान पर मुख्यमंत्री योगी ने कसा तंज
- पंजाब के बाद अब राजस्थान में पार्टी के मसले हल करेगी कांग्रेस, मुख्यमंत्री, पार्टी महासचिव व प्रदेश प्रभारी की हुई बातचीत
- योगी आदित्यनाथ कर सकते हैं मंत्रिमंडल विस्तार, आगामी चुनाव व वोट बैंक के आधार पर रहेगी नजर
- प्रेम प्रसंग मामले में क्रूरता से की लड़के की हत्या, बिहार के मुजफ्फरपुर का है मामला

2 thoughts on “झारखंड में सरकार गिराने के मामले में गिरफ्तार आरोपी निकले फल-सब्जी विक्रेता और दिहाड़ी मजदूर”