राहुल गाँधी ने पिता राजीव गाँधी को किया याद, बताया क्या हुआ था संजय गाँधी की मौत वाले दिन

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को दिल्ली में अपने दिवंगत पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को याद करते हुए उनकी स्मृति में ‘द जॉय ऑफ़ फ़्लाइट’ नामक एक वीडियो यूट्यूब पर साझा किया।

इस वीडियों में राहुल गांधी पिता के साथ साझा किए गए विमान उड़ाने के सामान्य जुनून के बारे में बात करते हैं। यूथ कांग्रेस की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जीवन से जुड़ी तस्वीरों की प्रदर्शनी लगाई गई थी जिसमें से राहुल ने डीसी 3 विमान की तस्वीर की ओर इशारा करते हुए कहा, “

यह सबसे सुंदर विमान है और यह पहला विमान है जिस पर मेरे पिता ने वाणिज्यिक उड़ान भरी थी” और एयरबस ए320 की एक तस्वीर देखते हुए उन्होंने कहा “बड़े अफसोस में से एक यह था कि उन्होंने(राजीव गांधी) एयरलाइंस छोड़ दी और बड़े जेट नहीं उड़ा सके।”

प्रदर्शनी में विमान और उसके आसपास राजीव गांधी की कई तस्वीरें दिखाई गई। राजीव गांधी राजनीति में आने से पहले एक व्यावसायिक पायलट थे। कांग्रेस राजनेता ने यह भी याद किया कि जब भी वह पिता के साथ विमान या हेलीकॉप्टर में होते थे तो पिता उन्हें कॉकपिट में बैठाते थे। “वह मुझसे सभी उपकरणों और अन्य विवरणों के बारे में पूछते थे” राहुल ने कहा।

राहुल गांधी खुद भी एक प्रशिक्षित पायलट हैं। उन्होंने एक पायलट और एक नेता के बीच तुलना करते हुए कहा, “आप जानते हैं कि पायलटों के पास एक बहुत ही विशेष क्षमता होती है जो उनके प्रशिक्षण से आती है। आपको 30,000 फीट की दृष्टि से कॉकपिट में विवरण के साथ यात्रा करनी है।

यदि आप कॉकपिट में ट्रैक खो देते हैं, तो आप मुसीबत में पड़ सकते हैं। मैं भी यही करता हूं और चीजों पर नजर बनाए रखता हूं।” राहुल गांधी ने कहा कि उनका मानना है कि पायलट होने से सार्वजनिक जीवन में भी बहुत कुछ सीखने को मिलता है और बड़े स्तर पर चीजों को देखने का नजरिया विकसित होता है।

उन्होंने अपने चाचा संजय गांधी को को भी याद किया। कांग्रेस नेता संजय गांधी की मृत्यु 23 जून, 1980 को विमान उड़ाते वक्त दुर्घटनाग्रस्त होने से हो गई थी। चित्रों से जुड़ी यादों को साझा करते हुए राहुल ने एक वीडियो में परिवार से जुड़ी बातों को खुलासा किया कि राजीव गांधी ने अपने भाई संजय को पिट्स जैसा आक्रामक विमान उड़ाने से मना किया था, लेकिन संजय नहीं माने।

उन्होंने याद किया कि उनके पिता ने चाचा संजय को उस विमान को उड़ाने के खिलाफ चेतावनी दी थी। “यह एक पिट्स था। यह एक बहुत ही आक्रामक विमान है। मेरे पिता ने उनसे कहा था, ऐसा मत करो। मेरे चाचा ने यदि मेरे पिता की बात मानी होती तो शायद यह हादसा ना हुआ होता” राहुल गांधी ने याद किया।

नेता ने कहा कि पायलट जब विमान उड़ाता है, उसकी कल्पनाशीलता रोड, रेलवे लाइन द्वारा अवरुद्ध नहीं होती। उनकी कल्पनाशीलता 30 हजार फुट पर होती है, इसलिए उनकी भी क्षमता बड़े तंत्र को देखने की है।

Read More:

  1. अब यहाँ से भी हटा राजीव गांधी का नाम, जानें
  2. नोएडा ट्विन टावर प्रकरण में जांच के लिए एसआईटी का गठन
  3. बिहार के स्कूली बच्चों के खातों में किताबें खरीदने के लिए भेजे जाएंगे पैसे
  4. जावेद अख्तर का कोर्ट में कबूलनामा, माना- कंगना को दी थी ऋतिक से विवाद सुलझाने की सलाह
  5. कैंची नहीं चलने पर पाकिस्तान के मंत्री ने दांतों से ही काट दिया फीता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *