नोएडा सेक्टर 33 के टॉय पार्क में बने खिलौनों से जल्द मिलेगी चीन को टक्कर

चीन के खिलौना उद्योग को नोएडा से कड़ी टक्कर देने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने नोएडा के सेक्टर 33 में टॉय पार्क का निर्माण करवाया है।

इस पार्क में खिलौना बनाने की फैक्ट्री लगाने के लिए 134 उद्योगपतियों ने भूखंड भी ले लिया है।

ये 134 उद्योगपति 410.13 करोड़ रुपए का निवेश कर टॉय पार्क में अपनी फैक्ट्री स्थापित करेंगे। अनुमानित है कि इन खिलौना फैक्ट्रियों में 6157 लोगों को स्थायी रोजगार मिलेगा। अभी देश में खिलौना बनाने की करीब चार हजार से ज्यादा इकाइयां हैं।

गौरतलब है बीते वर्ष ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री मोदी ने खिलौना कारोबार में दुनिया में देश की हिस्सेदारी बढ़ाने को लेकर बात की थी जिसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खिलौना कारोबार को बढ़ावा देने के लिए कई फैसले लिए।

इसमें उत्तर प्रदेश राज्य का पहला पहला खिलौना क्लस्टर (टॉय पार्क ) यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक प्राधिकरण क्षेत्र में विकसित करने का फैसला भी लिया गया।

यीडा के अधिकारियों के अनुसार, सेक्टर 33 में टॉय पार्क के लिए सौ एकड़ से अधिक जमीन खिलौना उत्पादन करने वाली इकाईयों के लिए चिन्हित की गई जिसमें अब तक 134 कंपनियों को टॉय पार्क में खिलौना फैक्ट्री स्थापित करने के लिए जमीन आवंटित की गई है।

राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए तैयार कराई गई इंवेस्टर फ्रेंडली नीतियों के चलते खिलौना कारोबार में कार्यरत कई बड़ी कंपनियों ने टॉय पार्क में अपनी फैक्ट्री स्थापित करने के लिए कदम बढ़ाए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही जमीन पाने वाली कंपनियां टॉय पार्क में फैक्ट्री लगाने का काम शुरू कर देंगी।

पार्क में जमीन लेने वाली प्रमुख कंपनियों में फन राइड टॉयस एलएलपी, सुपर शूज, फन जू टॉयज इंडिया, आयुष टॉय मार्केटिंग, सनलार्ड अप्पारेल्स, भारत प्लास्टिक, जय श्री कृष्णा, गणपति क्रिएशन और आरआरएस ट्रेडर्स प्रमुख हैं।

ज्ञात हो कि टॉय पार्क में प्लास्टिक और लकड़ी से बने बैटरी से चलने वाले खिलौने बनेंगे जो अभी चीन में बनते रहे हैं। एक अनुमान के मुताबिक वर्ष 2024 तक भारत का खिलौना उद्योग 147-221 अरब रुपये का हो जाएगा।

Read More

  1. सबसे लंबी पिंक लाइन पर आज से दौड़ेगी मेट्रो, समय और पैसे दोनों की होगी बचत
  2. बिहार के औरंगाबाद जिले में तेज़ रफ्तार बोलेरो ने दर्दनाक हादसे में ली 6 लोगों की जान
  3. छेड़छाड़ के मामले में महिला शिक्षामित्र द्वारा प्रधानाध्यापक को चप्पल से दौड़ाकर पीटने का वीडियो हुआ वायरल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *