द कश्मीर फाइल्स जैसी विवादित फिल्म बना चुके निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने अपनी नई फिल्म The Bengal Files की रिलीज़ से पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भावुक अपील की है। एक वीडियो संदेश में उन्होंने “हाथ जोड़कर” कहा, “कृपया इस फिल्म को बैन मत कीजिए, यह हमारे इतिहास का एक जरूरी हिस्सा है।”
5 सितंबर को रिलीज़ होने जा रही यह फिल्म 1946 के डायरेक्ट एक्शन डे और कोलकाता दंगों पर आधारित है। अग्निहोत्री का आरोप है कि TMC कार्यकर्ता राज्य के थिएटर मालिकों को धमका रहे हैं ताकि वे फिल्म को स्क्रीन न करें। हालांकि फिल्म पर कोई आधिकारिक प्रतिबंध नहीं है।
उन्होंने कहा, “ममता जी, आपने भारतीय संविधान की शपथ ली है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों की रक्षा करना आपकी जिम्मेदारी है। CBFC ने इस फिल्म को पास किया है—तो डर या दबाव क्यों?”
अग्निहोत्री ने पूछा कि अगर दुनियाभर में यह स्वीकार किया जाता है कि मुस्लिम, ईसाई और दलित अत्याचार पर फिल्में बन सकती हैं, तो हिंदू नरसंहार पर फिल्म क्यों नहीं?
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 17 अगस्त को कोलकाता में एक पांच सितारा होटल में फिल्म का ट्रेलर लॉन्च रोक दिया गया था, जिसे उन्होंने “रचनात्मक आज़ादी पर हमला” बताया।
फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, पल्लवी जोशी और सस्वता चटर्जी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह Files Trilogy की तीसरी फिल्म है।
