भवानीपुर उपचुनाव में कम हुई वोटिंग, ममता की जीत पक्की होने का अनुमान

पश्चिम बंगाल की राजनीति पर आज हर किसी की नज़र टिकी है क्योंकि बंगाल में तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। पश्चिम बंगाल में भवानीपुर विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में गुरुवार को दोपहर तीन बजे तक करीब 48.08 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का इस सीट से चुनाव लड़ना इसे खास बनाता है।

भवानीपुर सीट के अलावा भी बंगाल की जांगीपुर, समसेरगंज विधानसभा सीट पर भी मतदान होना है। अधिकारियों ने बताए अनुसार मुर्शिदाबाद जिले की समसेरगंज सीट और जांगीपुर सीट पर क्रमश: 72.45 प्रतिशत और 68.17 प्रतिशत का उच्च मतदान दर रहा।

भवानीपुर विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भाजपा की प्रियंका टिबरेवाल से टक्कर मिल रही है तो वहीं, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की तरफ़ से श्रीजीब बिस्वास खड़े हैं। बीते दिनों के माहौल को देखते हुए वोटिंग वाले इलाकों में धारा 144 लागू की गई है। इन उपचुनावों के नतीजे 3 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

अपने-अपने तरीके से वोट करने की अपील के तहत भाजपा नेता अमित मालवीय ने गुरुवार को ट्वीट करते हुए लिखा कि “भवानीपुर इतिहास के उस छोर पर खड़ा है, जहां अगर वह ममता बनर्जी को हरा देता है तो वह बंगाल को प्रतिगामी राजनीति से मुक्त कर देगा।

इसलिए यदि आप निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता हैं तो बाहर निकलें और अपने वोट करें और बंगाल की नियति की दिशा बदलें। आप अपनी आने वाली पीढ़ियों के लिए ऋणी रहेंगे।”

वही आरोप-प्रत्यारोपों के सिलसिले में भवानीपुर उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस(टीएमसी) कुछ लोगों को वोट देने के लिए भुगतान कर रही है।

टिबरेवाल ने बताया कि एक व्यक्ति ने उनके सामने स्वीकार किया कि टीएमसी ने उसे वोट डालने के लिए 500 रुपये का भुगतान किया था। वह बांसड्रोनी से था। टिबरेवाल द्वारा अधिकारियों को सूचित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *