प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भरोसा दिलाया है कि भारत रूस-यूक्रेन युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों का समर्थन करेगा। यह बयान ट्रंप द्वारा पीएम मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर फोन कर शुभकामनाएं देने के बाद आया।
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “धन्यवाद मेरे मित्र राष्ट्रपति ट्रंप, आपके फोन कॉल और गर्मजोशी भरे शुभकामनाओं के लिए। मैं भी उतना ही प्रतिबद्ध हूँ कि भारत-अमेरिका व्यापक और वैश्विक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाए। हम यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में आपके प्रयासों का समर्थन करते हैं।”
ट्रंप ने भी अपनी Truth Social पोस्ट में मोदी का आभार जताया और लिखा, “अभी-अभी मेरे मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शानदार बातचीत हुई। मैंने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। वे अद्भुत काम कर रहे हैं। नरेंद्र: रूस और यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने में आपके समर्थन के लिए धन्यवाद!”
मोदी का 75वां जन्मदिन देशभर में उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इस मौके पर स्वास्थ्य, कल्याण और विकास से जुड़ी कई योजनाओं का शुभारंभ किया गया और नेताओं-जनता की ओर से उन्हें बधाइयाँ दी जा रही हैं।
यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका भारत के साथ रिश्तों को फिर से मज़बूत करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।
