देश की सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक हफ्ते में आईएसआईएस के दो पैन-इंडिया मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इन मॉड्यूल्स का मकसद धार्मिक स्थलों पर हमले करना और टारगेट किलिंग की साजिश रचना था।
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने झारखंड, तेलंगाना, बेंगलुरु, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में छापेमारी कर पांच आतंकियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से हथियार और केमिकल बम बनाने की सामग्री मिली। आरोपियों में अशर दानिश, अफताब कुरैशी, सुफ़ियान अबूबकर खान, मोहम्मद हुज़ैफ़ यामन और कमरान कुरैशी शामिल हैं।
दूसरा मॉड्यूल आंध्र प्रदेश के विजयनगरम से जुड़ा है। एनआईए ने आठ राज्यों में 16 जगहों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में डिजिटल डिवाइस, दस्तावेज और विस्फोटक सामग्री जब्त की। इस दौरान सिराज और समीर नामक दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि वे सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म जैसे इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और सिग्नल के जरिए युवाओं को भड़काते थे।
साजिश का मास्टरमाइंड आरिफ़ हुसैन उर्फ अबू तालिब 27 अगस्त को सऊदी अरब भागने की कोशिश में पकड़ा गया था। वह नेपाल बॉर्डर के ज़रिए हथियारों की सप्लाई करने की तैयारी कर रहा था।
एजेंसियों के मुताबिक, इन मॉड्यूल्स को पाकिस्तानी हैंडलर्स चला रहे थे, जो युवाओं को मसूद अज़हर, तारिक़ मसूद, तारिक़ जमील और जाकिर नाइक जैसे कट्टरपंथियों के भाषणों से भड़काकर जिहाद के लिए तैयार करते थे।
