कमला हैरिस से मिले मोदी, क्लाइमेट चेंज और आतंकवाद पर हुई बात, अब मोदी-बिडेन मुलाकात पर नजर

भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरे पर प्रधानमंत्री ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस से मुलाकात की। इसी के साथ जापान के योशीहीदे सुगा और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन से भी उनकी मुलाकात पूरी हुई।

प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार के मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन को अच्छा मित्र बताया और कहा कि उनसे बात करके हमेशा अच्छा लगा है। दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच वाणिज्य, व्यापार, ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस से मुलाकात पर प्रधानमंत्री ने कोविड-19 महामारी के दौरान अमेरिका की ओर से मिले सहयोग और योगदान के लिए भावपूर्ण आभार व्यक्त किया। व्हाइट हाउस में पहले दोनों नेताओं ने एकांत में बात की और फिर प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक में भाग लिया।

मोदी संग मुलाकात के दौरान अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने आतंकवाद का मुद्दा भी उठाया। वहीं, प्रधानमंत्री ने कमला हैरिस को भारत आने का न्योता भी दिया। उन्होंने कहा, “अमेरिका के उपराष्ट्रपति के रूप में आपका चुनाव एक बहुत ही महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक घटना रही है।

आप विश्व भर में बहुत से लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं और मुझे विश्वास है कि राष्ट्रपति जो बाइडेन एवं आपके नेतृत्व में हमारे द्विपक्षीय संबंध नयी ऊंचाई छुएंगे।” प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें निमंत्रित करते हुए कहा, “भारत के लोग आपका स्वागत करने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। मैं आपको भारत आने का निमंत्रण देता हूं।”

दौरे पर साथ गए विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने वाशिंगटन डीसी में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने अंतरिक्ष सहयोग, सूचना प्रौद्योगिकी, उभरती और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों, स्वास्थ्य क्षेत्रों में सहयोग सहित सहयोग के भविष्य के क्षेत्रों पर चर्चा की।

अब अगली नजर प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के बीच द्विपक्षीय बैठक पर है। इसमें व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित करने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ मिलकर क्वाड की बैठक में भी हिस्सा लेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *