उत्तर भारत में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार तड़के दिल्ली-NCR में मूसलधार बारिश हुई, जिसके बाद मौसम विभाग ने ‘येलो’ अलर्ट को बढ़ाकर ‘रेड’ अलर्ट जारी कर दिया। बारिश के चलते दिल्ली, गाज़ियाबाद और गुरुग्राम में जगह-जगह जलभराव और ट्रैफिक जाम देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का सिलसिला 17 अगस्त तक जारी रह सकता है।
उत्तर प्रदेश के कई उत्तरी जिलों—बरेली, लखीमपुर, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बहराइच, सीतापुर, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, गोंडा और महाराजगंज—में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। लखनऊ में भारी बारिश के कारण सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूल (कक्षा 1 से 12) गुरुवार को बंद कर दिए गए। गोमती नगर जैसे इलाकों में लोग घुटनों तक पानी में चलते और वाहन धकेलते दिखे।
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में बादल फटने से अचानक बाढ़ आई, जिसमें सीपीडब्ल्यूडी का कैंप बह गया और चार लोग फंस गए। चंबा, कांगड़ा और मंडी में ‘ऑरेंज अलर्ट’, जबकि सात जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी है।
उत्तराखंड में भी 17 अगस्त तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। उत्तरकाशी में पिछले हफ्ते बाढ़ के बाद अब लगातार बारिश हो रही है। श्रीकंठ पर्वत श्रृंखला में ग्लेशियर टूटने से भागीरथी नदी का प्रवाह बदला और मलबा गिरने से कृत्रिम झील बन गई।
महाराष्ट्र और तेलंगाना के कई जिलों में भी अगले कुछ घंटों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
