संसद के मानसून सत्र में देश की हालिया स्थिति, महंगाई और पेगासस जासूसी मामले को लेकर हंगामा बरपा हुआ है।
विपक्ष के लगातार प्रधानमंत्री मोदी और केंद्र सरकार पर हमलावर रहने के क्रम में बुधवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने से एक दिन पहले तृणमूल कांग्रेस(टीएमसी) सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए पेगासस और दिल्ली में 9 साल की बच्ची से रेप मामले पर उन्हें चुनौती दे डाली।
तृणमूल कांग्रेस के सांसद ने कहा है कि अगर गृहमंत्री राज्यसभा या लोकसभा में आ गए तो वह अपना सिर मुंडवा लेंगे। टीएमसी नेता का आरोप है कि केंद्रीय मंत्री पेगासस के मुद्दे पर भाग रहे हैं और इसीलिए विपक्ष के सवालों का जवाब नहीं दे रहे हैं।
सांसद ने कहा कि “मैंने कभी गृहमंत्री को संसद में नहीं देखा। मैंने कभी प्रधानमंत्री को संसद में नहीं देखा। उनके चहेते अफसर को दिल्ली पुलिस का कमिश्नर बनाया गया है। दिल्ली में नौ साल की एक दलित लड़की के साथ गैंगरेप की घटना हुई…तो क्या गृहमंत्री को सामने आकर जवाब नहीं देना चाहिए?
दलित लड़की के साथ दुष्कर्म क्यों हुआ? अगर इस गंभीर मसले पर अमित शाह राज्यसभा या लोकसभा में कल (बुधवार) आकर यह जवाब दे दें तो मैं अपना सिर मुंडवा लूंगा। मैं अमित शाह को चैलेंज करता हूं क्योंकि वो पेगासस के मुद्दे पर भाग रहे हैं।”
डेरेक ओ ब्रायन ने आगे कहते हुए विपक्ष का रुख एकदम साफ बताया। “15-16 विपक्षी पार्टियां संसद में चर्चा चाहती हैं। ये चर्चाएं तीन विषयों पर हों। कृषि कानूनों पर चर्चा हो, इन्हें रद्द किया जाए। अर्थव्यवस्था, नौकरी, महंगाई पर चर्चा हो।
राष्ट्रीय सुरक्षा (पेगासस मुद्दे) पर चर्चा हो।” जिसमें उन्होंने पेगासस पर चर्चा किए जाने को सर्वप्रथम बताया। वहीं दूसरी तरफ बता दें कि प्रधानमंत्री ने टीएमसी नेता के उस टिप्पणी पर एतराज जताया है जिसमें उन्होंने विधेयकों को पारित करवाने की तुलना पापड़ी-चाट बनाने से की थी।
दरअसल ओ ब्रायन ने सोमवार को ट्वीट किया था कि “पहले 10 दिनों में संसद में कमाल! सरकार ने 12 विधेयक पारित कराए और इसका औसत समय 7 मिनट प्रति विधायक है।” उन्होंने कहा कि विधेयक पारित करा रहे हैं या पापड़ी चाट बना रहे हैं।
Read More
