राष्ट्रीय जनता दल(राजद) के नेता तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव जाति आधारित जनगणना पर चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने विधानसभा पहुंचे।
मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए बताया कि “हमारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जाति आधारित जनगणना के विषय पर बातचीत हुई। इस तरह की जनगणना हो जाने से लोगों के जनकल्याण के लिए बजट में प्रावधान रखे जा सकेंगे।
ये जानकारी ना केवल सरकारों को बल्कि लोगों को भी होनी चाहिए कि आखिर उनकी जाति की कितनी आबादी है।” उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया है कि वे प्रधानमंत्री मोदी से इस मुद्दे पर मिलने का समय मांगेंगे।
नेता प्रतिपक्ष ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि नीतीश कुमार ने विपक्ष के पूरे स्टैंड को ध्यान से सुना। तेजस्वी के कहे अनुसार मुख्यमंत्री शुक्रवार को दिल्ली जा रहे हैं।
दिल्ली से लौटने के बाद वो 2 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखेंगे। तेजस्वी के मुताबिक नीतीश कुमार ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि जातीय जनगणना के मसले पर वह भी उनके साथ खड़े हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश आज शाम दिल्ली रवाना हो रहे हैं। इसके पहले तेजस्वी यादव जातीय जनगणना करवाए जाने की मांग पर उनसे समय मांगा था।
शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे दोनों की मुलाकात हुई। इस मुलाकात में कांग्रेस के विधायक दल के नेता अजीत शर्मा और लेफ्ट के नेता भी साथ रहे।
मुलाकात के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से एक बार फिर मांग की कि बिहार में राज्य सरकार के खर्च पर जातीय जनगणना कराई जाए।
उन्होंने कहा कि जाति जनगणना कराने का प्रस्ताव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार विधानसभा का एक प्रतिनिधिमंडल बनाएं।
ऐसे में अगर केंद्र सरकार जाति आधारित जनगणना नहीं कराती है तो राज्य सरकार को अपने खर्चे पर ऐसा कराना चाहिए।
जद(यू) भी जनगणना में जाति का काॅलम शामिल करने की मांग कर रहा है। हालांकि इस जनगणना कराने पर भाजपा का रूख जद(यू) और राजद से अलग है।
भाजपा के बड़े नेताओं ने इस पर कोई बयान नहीं दिया है। जद(यू) का कहना है कि इस मसले पर दो बार बिहार विधानमंडल से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा गया है। पार्टी केंद्र को अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को कह चुकी है।
Read More
- बिहार विधानसभा के सदन में तेजस्वी ने उठाया विधायकों की पिटाई का मामला
- बसपा विधायक सतीश मिश्रा ने भाषण में की ब्राह्मण और दलित वोटों को साधने की कोशिश
- भ्रष्टाचार के मामले में कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर और चौकी इंचार्ज किए गए निलंबित
- ओवैसी को सभ्य इंसान समझने की भूल करते हुए उमा भारती ने साधा निशाना
- किसान आंदोलन पर उत्तर प्रदेश भाजपा ने कार्टून रूपी ट्वीट कर किया पलटवार
- संसद में 9वें दिन भी जारी रहे गतिरोध पर स्पीकर ने दी कार्रवाई की चेतावनी
- धनबाद में जज के संदिग्ध मौत पर सख्त होते हुए झारखंड हाईकोर्ट ने बताया हत्या का मामला
- हंगामे और नारेबाजी के बीच बिना चर्चा किए ही पास हो गए ये सारे बिल
