‘इटली तक महसूस हों झटके’- अमित शाह का राहुल गांधी पर ‘छठ पूजा’ को लेकर तीखा पलटवार

बिहार चुनावी माहौल के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला। शाह ने कहा कि राहुल गांधी ने ‘छठी मइया’ का अपमान कर बिहार की आस्था को ठेस पहुंचाई है और अब जनता इसका जवाब वोट से देगी।

नालंदा से शुरू हुई अपनी चार चुनावी सभाओं में शाह ने कहा, “राहुल बाबा कहते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी ने छठ पूजा का नाटक किया। उनकी जड़ें इटली में हैं, इसलिए वे भारतीय भावनाओं को समझ नहीं सकते।” शाह ने लोगों से अपील की कि “ईवीएम का बटन ऐसे दबाइए कि झटके इटली तक महसूस हों।”

उन्होंने विपक्षी INDIA गठबंधन पर हमला करते हुए कहा कि यह “पूरी तरह मिट जाएगा” क्योंकि बिहार की जनता “छठी मइया के अपमान का बदला” लेगी।

शाह ने राम मंदिर निर्माण में कांग्रेस की “70 साल की बाधा” को याद किया और कहा कि “मोदी सरकार ने नालंदा में आधुनिक विश्वविद्यालय बनाया है, जिसे अब कोई बख्तियार खिलजी नहीं मिटा सकता।”

उन्होंने सीता जी के जन्मस्थान पुन्नौर धाम के विकास के लिए ₹850 करोड़ की परियोजना की घोषणा की और कहा कि दो साल में वहां “प्रधानमंत्री मोदी प्राण प्रतिष्ठा करेंगे।”

शाह ने लालू-राबड़ी शासन को “जंगलराज” बताते हुए कहा कि नीतीश कुमार के शासन में अपराधों में भारी गिरावट आई है और बिहार अब विकास की राह पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *