प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लखनऊ में, अमृत महोत्सव कार्यक्रम में हुए शामिल, करोड़ों की परियोजनाओं की दी सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तरप्रदेश के लखनऊ में 4737 करोड़ की 75 योजनाओं की सौगात देंगे। वह यहां ‘न्यू अर्बन इंडिया’ थीम पर आयोजित 3 दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत भी करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी आज सुबह साढ़े 10 बजे लखनऊ में होंगे, जहां वह 75वीं वर्षगांठ पर आयोजित हो रहे अमृत महोत्सव कार्यक्रमों के तहत उत्तर प्रदेश के लोगों को कई सौगात देंगे। प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम को उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है। 

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी सम्मिलित होंगे।

इसके दौरान प्रधानमंत्री स्मार्ट सिटी मिशन के अन्तर्गत आगरा, अलीगढ़, बरेली, झांसी, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, सहारनपुर, मुरादाबाद एवं अयोध्या में इंटीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेन्टर, इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेन्ट सिस्टम एवं नगरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर तथा अमृत मिशन के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न शहरों में उत्तर प्रदेश जल निगम द्वारा निर्मित पेयजल एवं सीवरेज की कुल 4,737 करोड़ रुपए की 75 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।

पीएमओ के बताए अनुसार प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश के 75 जिलों के 75 हज़ार लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (पीएमएवाई-यू) के तहत निर्मित घरों की चाबियां डिजिटल तरीके से सौंपेंगे।

साथ ही प्रदेश में योजना के लाभार्थियों के साथ डिजिटल माध्यम से संवाद भी करेंगे। इन सबके अलावा वह लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, झांसी, प्रयागराज, गाजियाबाद और वाराणसी के लिए 75 स्मार्ट इलेक्ट्रिक बसों का फ्लैग ऑफ भी करेंगे।

आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा ‘आज़ादी का अमृत महोत्सव’ के हिस्से के रूप में 5 से 7 अक्टूबर तक सम्मेलन-सह-एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है। एक्सपो की थीम शहरी परिदृश्य में बदलाव है और मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश में हुए उल्लेखनीय परिवर्तनों पर आधारित है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *