बिहार विधानसभा चुनावों के बीच प्रचार का शोर पूरे उफान पर है। जमकर आरोप-प्रत्यारोप के शब्दबाण चलाये जाने लगे हैं। शीर्ष नेता उम्मीदवारों के पक्ष में धुंआधार रैलियां कर अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने में कोई कसर नही छोड़ रहे हैं। इसी बीच चुनावी मौसम में जनता के बीच जा रहे नेताओं को अब विरोध का सामना भी करना पड़ रहा है।
इसी क्रम में जब नीतीश सरकार में मंत्री महेश्वर हजारी अपने विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क के लिए पहुंचे तो जनता ने मंत्री जी से हिसाब मानंज लिया। इस दौरान मंत्री जी को जनता के गुस्से का शिकार होना पड़ा और मंत्री जी को वहां से निकलने में ही अपनी भलाई दिखी। हालांकि इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
महेश्वर हजारी का विरोध करते लोगों का वीडियो नेता प्रतिपक्ष और महागठबंधन की तरफ से सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने भी शेयर किया है। ट्विटर पर वीडियो शेयर करते हुए तेजस्वी ने लिखा,’बिहार सरकार के मंत्री और कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र से 10 वर्ष से विधायक महेश्वर हजारी को आक्रोशित जनता ने सड़क नहीं तो वोट नहीं बोल कर अपने गांव से भगा दिया। नीतीश कुमार जी के कागजी विकास की पोल खुल चुकी है। चाहे वो चमकी बुख़ार हो, जल जमाव हो, बाढ़ हो, सुखाड़ हो, कोरोना
हो।’
