बिहार विधानसभा चुनावों के बीच चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव को जमानत मिल गई है। वह पिछले काफी वक्त से जेल में बंद हैं और रांची स्थित रिम्स में उनका इलाज चल रहा है। लालू के जमानत पर इससे पहले सुनवाई टल गई थी।
बिहार विधानसभा चुनावों के बीच लालू को जमानत मिलने से राजद को बड़ा फायदा मिल सकता है वहीं इससे जदयू और बीजेपी खेमे में हलचल बढ़ गई है। हालांकि लालू को 9 नवम्बर को जमानत मिलेगी तभी वह बाहर आ सकेंगे।
लालू प्रसाद के वकील ने कहा कि 2 लाख रुपए लालू प्रसाद को जमा करना है। लालू प्रसाद जेल में लगभग ढाई साल गुजार चुके हैं। दुमका केस में सुनवाई के बाद ही लालू प्रसाद जेल से बाहर निकल सकते हैं। 9 नवंबर को इसकी सुनवाई होने वाली है। उस दिन दुमका केस में भी लालू प्रसाद आधी सजा पूरी कर लेंगे। लालू प्रसाद की जमानत का सीबीआई के वकील ने विरोध किया था हालांकि इसके बावजूद कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी है।
