राजद पार्टी में एक बार फिर से पारिवारिक कलह का माहौल देखने को मिल रहा है। बुधवार को बिहार प्रदेश के राजद अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने तेजप्रताप यादव के करीबी आकाश यादव को छात्र राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष पद से हटाकर गगन कुमार को इसका नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।
मालूम हो कि जगदानंद पिछले 10 दिनों से तेजप्रताप द्वारा हिटलर कहे जाने से नाराज़ होकर पार्टी दफ्तर नहीं पहुंच रहे थे। तेजस्वी यादव द्वारा मान-मनौव्वल के बाद बुधवार को वह सक्रिय हुए और उन्होंने तेजप्रताप के करीबी को हटा दिया।
आकाश कुमार की जगह अब जमुई जिले के निवासी गगन कुमार को,जो पटना विश्वविद्यालय के एलएलबी प्रथम वर्ष के छात्र हैं, बिहार छात्र राजद का अध्यक्ष बनाया गया है। तेजप्रताप यादव ने ट्वीट कर इस फ़ैसले को ग़लत कहा हैं।
तेजप्रताप ने लिखा है, “प्रवासी सलाहकार से सलाह लेने में अध्यक्ष जी ये भूल गए की पार्टी संविधान से चलता है और राजद का संविधान कहता है की बिना नोटिस दिए आप पार्टी के किसी पदाधिकारी को पदमुक्त नहीं कर सकते ..आज जो हुआ वो राजद के संविधान के खिलाफ हुआ..”
सूत्रों से माना जा रहा है कि इस फैसले में लालू यादव और तेजस्वी यादव की भी सहमति है। इससे पहले जगदानंद सिंह ने आनन-फानन में बुधवार शाम को तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी और आकाश यादव को छात्र आरजेडी के अध्यक्ष पद से हटा दिया।
इसीलिए कर जगदानंद ने कहा “छात्र आरजेडी अध्यक्ष पद काफी दिनों से खाली पड़ा था जिस पर अब मैंने गगन कुमार को मनोनीत किया है। तेजप्रताप से नाराजगी का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता है।”
सूत्रों की मानें तो तेजस्वी को मुख्यमंत्री का पद और पार्टी की कमान दोनों मिलने की संभावना को लेकर तेजप्रताप असहज हैं। छात्र आरजेडी के इसी कार्यक्रम को लेकर पार्टी दफ्तर में जो बड़े-बड़े बैनर और पोस्टर लगे थे, उसमें तेजप्रताप को प्रमुखता के साथ विपक्ष के नेता तेजस्वी की तस्वीर गायब थी।
पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद ने काफी पहले यह घोषणा कर दी है कि राजद जब भी सत्ता में आएगी तो छोटे बेटे तेजस्वी को ही मुख्यमंत्री की कमान मिलेगी। इसी बीच नवंबर में लालू प्रसाद का राष्ट्रीय अध्यक्ष का भी कार्यकाल पूरा हो रहा है और पार्टी के लिए नए अध्यक्ष का चुनाव होना है।
चर्चा है कि खराब स्वास्थ्य के कारण लालू राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से हट जाएंगे और तेजस्वी को यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
Read More
- उत्तरप्रदेश- अब अल्पसंख्यकों को लुभाने में जुटी भाजपा
- एनएचएआई के परियोजना निदेशक को थप्पड़ मारने संबंधी बयान सपा विधायक पर पड़ा भारी
- डीएसपी के मैसेज से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, जानें किस राज्य में हुआ बवाल
- ब्राह्मणों की योगी से नाराजगी, इसके बावजूद वोट बीजेपी को देने की बात
- कंगना रनौत का दावा- तालिबान के खिलाफ बोलते ही हैक हुआ एकाउंट
