आम आदमी पार्टी (AAP) ने विपक्षी INDIA गठबंधन से नाता तोड़ लिया है। राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने साफ कहा कि अब AAP इस गठबंधन का हिस्सा नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसके नेतृत्व पर सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस राज्यों में अकेले चुनाव लड़ने की रणनीति अपना रही है, जो गठबंधन की भावना के खिलाफ है।
संजय सिंह ने कहा, “जब एक पार्टी सिर्फ अपने हितों के लिए चलेगी और सहयोगी दलों को नजरअंदाज करेगी, तो हम कैसे साथ चल सकते हैं?” AAP ने यह भी स्पष्ट किया कि वह संसद और देश के बाहर भाजपा सरकार का मजबूती से विरोध जारी रखेगी पर अब अपने तरीके से, बिना किसी गठबंधन के दबाव के।
गौरतलब है कि AAP और कांग्रेस के बीच कई राज्यों में सीट बंटवारे को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही थी। इससे पहले पंजाब और दिल्ली में दोनों दल आमने-सामने आ चुके हैं। अब AAP के इस फैसले से विपक्षी एकता पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
