भागलपुर के बाद अब समस्तीपुर में बीजेपी की मुश्किलें बढ़ाएगी लोजपा, चिराग ने भाई को दिया टिकट

बिहार विधानसभा में जदयू के खिलाफ उम्मीदवार उतारने की बात कहने वाली लोजपा ने भागलपुर विधानसभा सीट से यूँ तो आधिकारिक तौर पर प्रत्याशी के नाम का एलान नही किया है लेकिन यहां से शहर के उपमेयर राजेश वर्मा को टिकट देने की खबर है।

इस बात की जानकारी हाल ही में राजेश वर्मा ने एक फेसबुक पोस्ट के जरिए दी थी। आने वाले एक दो दिनों में इसका औपचारिक एलान भी संभव है। हालांकि फिलहाल लोजपा ने समस्तीपुर में बीजेपी की मुश्किलें बढ़ा दी है।


जानकारी के मुताबिक लोजपा ने इस सीट से कृष्णा राज को प्रत्याशी बनाया है। वह रिश्ते में चिराग के चचेरे भाई भी हैं। वह समस्तीपुर से सांसद और बिहार एलजेपी के अध्यक्ष प्रिंस राज के बड़े भाई हैं।

इस बात की चर्चा तब और तेज हो गई जब अनुमंडल कार्यालय से उन्होंने आज नामांकन पत्र ले लिया और कार्यकर्ताओं को नामांकन की तैयारी के निर्देश जारी किए गए। आपको बता दें कि इस सीट से बीजेपी ने वीरेंद्र कुमार पासवान को अपना उम्मीदवार बनाया था।


अब लोजपा उम्मीदवार के बीजेपी के खिलाफ उतारने से इस सीट पर लड़ाई दिलचस्प हो गई है। मिल रही जानकारी के मुताबिक कृष्ण राज 15 अक्टूबर को रोसड़ा विधानसभा से एक बजे नामांकन करेंगे।

वहीं सांसद प्रिंस राज के प्रतिनिधि हरिश्चंद्र झा ने पुष्टि की है कि कृष्ण राज का टिकट फाइनल हो गया है। अब देखना है कि एक के बाद एक सीट पर बीजेपी के खिलाफ उम्मीदवार उतारने के लोजपा के फैसले पर बीजेपी की प्रतिक्रिया क्या होती है और आने वाले नतीजों में कितना फर्क पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *